रानी की सराय। सिधारी थाने के सलारपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने राजगीर को सरेशाम गोली मार मौत के घाट उतार दिया। हत्या की इस घटना से गांव के लोग सकते में आ गए। साथ ही लोग काफी सहमें थे। हत्या के पीछे जमीनी रंजिश बताई जाती है। आईजी के जाने के साथ ही हुई हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस विभाग के हाथपांव फूल गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व अधिकारी मौके पर मौजूद थे।
रानी की सराय थाने के तमौली गांव निवासी रामसूरत पुत्र रामचंद्र राजगीर(मिस्त्री)था। रोज की भांति बुधवार की सुबह भी जिला मुख्यालय पर काम करने गया था। शाम को काम खत्म होने के बाद साइकिल से घर लौट रहा था। बेलइसा धर्मकांटा से आगे सलारपुर गांव स्थित ईट-भट्ठे के पास पहुंचते ही बाइक सवार दो बदमाशों ने ओवर टेक कर रोक लिया और राजगीर जब तक कुछ समझ पाता, तब तक बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिए। बदमाशों के द्वारा ताबड़तोड़ चलाई गई दो गोली लगते ही रामसूरत लहुलूहान होकर मौके पर गिर गया। फायरिंग की आवाज सुन गांव के लोग जबतक भागकर मौके पर पहुंचे, बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इधर पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया। सिधारी, रानी की सराय थाने की पुलिस फोर्स के साथ सीओ सिटी हरेंद्र ने मौके पर पहुंच कर मृतक की शिनाख्त की। सूचना मिलते ही तमौली गांव में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों की भीड़ जुटते देख पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस के लिए रवाना कर दिया। समाचार लिखे जाने तक हत्या केकारणों को लेकर पुलिस मृतक के परिजनों से पूछ-ताछ करने में जुटी रही। सिधारी थानाध्यक्ष विश्वनाथ यादव ने बताया कि हत्या के पीछे जमीनी विवाद बताया जा रहा है। हालांकि अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। जांच-पड़ताल जारी है।