जहानागंज। बुनकर बाहुल्य क्षेत्र जहानागंज कस्बे में मात्र पांच से छह घंटे विद्युत आपूर्ति से आक्रोशित बुनकर सेवा समिति ने पूर्व महाप्रधान चंद्रशेखर यादव और महासचिव कमाल असगर के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंच जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। बुनकरों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सुचारु रूप से विद्युत आपूर्ति बहाली नहीं होती है तो सबस्टेशन का घेराव किया जाएगा।
पूर्व महाप्रधान ने कहा कि जहानागंज क्षेत्र बुनकर बाहुल्य कस्बा है। यहां के बुनकरों का जीवकोपार्जन केवल पावरलूम से होता है, इसके अलावा इनके पास जीविका का और कोई साधन नहीं है। शासन ने ग्रामीण इलाकों में 16 घंटे विद्युत आपूर्ति का आदेश दिया है। लेकिन जहानागंज कस्बे में वर्तमान में मात्र पांच से छह घंटे ही आपूर्ति की जा रही है। इससे बुनकरों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन लखनऊ द्वारा 12 घंटा दो सिफ्ट में 12 बजे से पांच बजे तक और नौ बजे से चार बजे तक कंट्रोल सारनाथ को आदेश किया है। लेकिन बुनकरों को मात्र पांच से छह घंटा ही बिजली मिल रही है। 132केवी सिधारी से मालूम करने पर सीधे सारनाथ कंट्रोल से रोस्टिंग की बात कही जा रही है। उन्होंने कहा कि यही आलम रहा तो बुनकर भूखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे। महासचिव कमाल असगर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं होता है तो जहानागंज सबस्टेशन के घेराव किया जाएगा। ज्ञापन देने के दौरान हाजी मंजुर, जुबैर, मुबारक अली, अबू हैरस, बंगाली यादव आदि शामिल थे।