बलरामपुर। सरायमीर थाने के पवई लाडपुर गांव में मंगलवार की दोपहर देवर और भाभी ने जहर खा लिया। दोनों की दशा बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। परिजन जबतक महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की व्यवस्था करते महिला की मौत हो गई। जबकि अस्पताल में भर्ती देवर जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। बताया जाता है कि देवर-भाभी एक दूसरे से मधुर संबंध थे। इसकी पुष्टि महिला के ससुर ने भी की।
पवई लाडपुर गांव निवासी राममिलन मौर्य के तीन पुत्र हैं। सबसे बड़े पुत्र विनोद मौर्य की सात वर्ष पूर्व सुषमा(25) से शादी हुई थी। उसके दो पुत्र गोलू (5) और मोनू (2) हैं। सुषमा के देवर विकास (20)और सबसे छोटे देवर विशाल की अभी शादी नहीं हुई है। सुषमा का पति विनोद मौर्य सब्जी बेचने का काम करता है। पिता राममिलन के अनुसार देवर विकास को 15 दिन पूर्व घर के अंदर उसकी भाभी के साथ आपत्ति जनक स्थिति में पकड़ा गया था। इस पर दोनों को डाट- फटकार लगाई गई थी। मंगलवार को दोपहर में परिजन घर से बाहर बैठे थे और देवर -भाभी ही अंदर थे। भाभी सुषमा ने पहले सल्फास की गोली हलक से नीचे उतारी और फिर देवर को भी खिला दी। इस बीच जब परिजन घर में गए तो अंदर का नजारा देख अवाक रह गए। जहर खाने के कारण दोनों तड़प रहे थे। हालत बिगड़ते देख दोनों को आनन-फानन में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की गई। इसबीच सुषमा की मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से बीमारदेवर विकास को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में पूछे जाने पर सरायमीर थानाध्यक्ष विजय सिंह ने बताया कि जहर खाने से भाभी की मौत और देवर की हालत गंभीर होने की सूचना पर गांव में पुलिस भेजी गई थी, लेकिन मृतका के घर पर ताला बंद था। पुलिस को भी दोनों के बीच अवैध संबंध होने की खबर मिली है।