बिधूना(औरैया)। कस्बे के प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी, उनकी पुत्रवधू और पौत्र की घर में ही गला रेत कर हत्या कर दी गई। घटना के समय पुत्र दिल्ली में था। पुलिस को देर रात तक उसके लौटने का इंतजार था। इस हत्याकांड के पीछे लूटपाट का अंदेशा भी जताया गया है। एसपी और एएसपी देर रात तक फोर्स के साथ मौके पर पहुंच कर घटना की छानबीन में जुटे हुए थे।
मोहल्ला लोहामंडी में प्रतिष्ठित सर्राफा व्यवसायी नाथूराम परिहार (65), उनकी पुत्रवधू अनीता पत्नी राजेंद्र परिहार (40) और पौत्र जय पुत्र राजेंद्र (18) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। राजेंद्र किसी निजी काम से दो दिन पहले दिल्ली गए थे। शुक्रवार शाम जब उन्होंने वहां से अपनी पत्नी का मोबाइल मिलाया तो इधर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने एक-एक कर अपने पिता और पुत्र से फोन संपर्क करना चाहा। जब किसी से मोबाइल पर संपर्क नहीं हो सका तो उन्होंने अनहोनी की आशंका जताते हुए अपने पड़ोसियों के नंबर मिलाए।
मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने नाथूराम के मकान का चैनल खुला पड़ा देखा। अंदर दाखिल होते ही फर्श पर बिखरे खून पर नजर पड़ी तो होश उड़ गए। पड़ोसियों की सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंची थाना पुलिस को मकान की तीसरी मंजिल पर नाथूराम का शव पड़ा मिला। दूसरी मंजिल पर मां-बेटे अनीता और जय के शव जाल के ऊपर डाल दिए गए थे। अज्ञात बदमाशों ने बड़ी बेरहमी से तीनों का कत्ल किया था। घर के अंदर अलमरियां खुली पड़ी थीं। सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। हत्याकांड के पीछे लूटपाट की आशंका जताई गई है। देर रात तक पुलिस घटना की असली वजह जानने में असफल रही। पुलिस को राजेंद्र परिहार के दिल्ली से लौटने का इंतजार था। वापस आने के बाद ही लूट की वास्तविकता का पता चल सकेगा। विधूना थानाध्यक्ष का कहना है कि हत्याकांड की गहराई से छानबीन की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी। देर रात एसपी संजय कक्कड़, एएसपी ओपी श्रीवास्तव ने मौके पर पहुंच कर छानबीन की।