औरैया। सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम भिखनी पुरवा में एक महिला संदिग्ध दशा में आग से झुलस गई। उसने अस्पताल में ससुर पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का आरोप लगाया जबकि पति का कहना था कि गृहकलह से तंग आकर उसने खुद आग लगा ली। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कानपुर रिफर कर दिया है। चिकित्सकों ने महिला की हालत को चिंताजनक बताया है। उधर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दे दी है। सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम भिखनीपुरवा निवासी राम कुमार की पत्नी सरोज को सोमवार की रात पौने 10 बजे गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान सरोज ने बताया कि वह घर पर अकेली थी। तभी उसके ससुर ने मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी जिससे वह जल गई है। इस दौरान पहुंचे उसके पति व अन्य ग्रामीणों ने उसे बचाया जबकि अस्पताल में मौजूद राम कुमार ने बताया कि गृह कलह से तंग आकर सरोज ने खुद ही आग लगाई है। इधर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सरोज की हालत को गंभीर बताते हुए रिफर कर दिया।
चिकित्सकों का कहना है कि वह आग से 70 फीसदी से अधिक जल चुकी है। उसकी हालत गंभीर है। घटना की जानकारी सोमवार की रात को ही सहायल थाना पुलिस को दे दी गई है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की लिखित शिकायत आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।