बिधूना (औरैया)। नगलाबोझ गांव में चूल्हे की चिंगारी से चार मकानों में आग लगने से करीब दस लाख रुपए की संपत्ति राख हो गई। फायर ब्रिगेड कर्मी ग्रामीणों के सहयोग से करीब तीन घंटे बाद आग बुझा पाए। क्षेत्रीय लोगों ने अग्नि पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है। आग बुझाने में एक व्यक्ति भी गंभीर रूप से झुलस गया है।
ऐरवाकटरा थाना अंतर्गत नगलाबोझ गांव में गुरुवार की सुबह 11 बजे खाना बनाते समय राम नरेश यादव के मकान में चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। मकान में रखा कपड़ा, अनाज, भूसा, बिस्तर, चारपाइयां आदि सामान जलकर राख हो गया। आग बुझाने में गृहस्वामी रामनरेश यादव भी झुलस गया। पीड़ित मकान मालिक ने बताया कि आग से उसकी तीन लाख की संपत्ति राख हुई है। आग से समीप के विश्राम सिंह के मकान में भी आग लगी। इस आग से मकान में रखे 25 हजार रुपए नगदी, लहसुन, अनाज, कपड़ा, बिस्तर, चारपाइयां समेत लगभग तीन लाख रुपए कीमत का सामान राख हो गया। बढ़ रही आग की लपटों ने संतप्रिय के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। उसके मकान में रखे 10 हजार रुपए नगदी, जेवरात, अनाज, कपड़ा, बिस्तर, भूसा आदि लगभग तीन लाख की संपत्ति राख हो गई। वहीं रामप्रकाश के मकान का भी सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित राम प्रकाश ने बताया कि दो लाख की संपत्ति जलकर राख हुई है। आग की बढ़ती लपटों ने अमर सिंह के मकान को अपनी चपेट में लिया और उसके मकान में रखे दो लाख रुपए कीमत की संपत्ति को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों ने ग्रामीणों के अथक प्रयास से तीन घंटे बाद आग पर काबू पा सके। क्षेत्र के राधेश्याम यादव, पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक कठेरिया, गोविंद भदौरिया, चरन सिंह यादव ने अग्निपीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग जिला प्रशासन से की है।