औरैया। ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पहाड़ी में मंगलवार को एक मकान में घुसे सशस्त्र बदमाश हजारों रुपए कीमत के जेवरात लूटकर फरार हो गए। लूटपाट के दौरान विरोध करने पर तीन महिलाएं घायल हो गईं जिन्हें औरैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की।
ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र के ग्राम नगला पहाड़ी निवासी बादशाह सिंह राठौर का 19 मई को निधन हो गया था। बादशाह सिंह के निधन पर उसकी विवाहित पुत्रियां मीरा देवी पत्नी श्यामवीर सिंह राठौर निवासी जेथरा एटा और आशा देवी पत्नी सुखेंद्र सिंह राठौर निवासी हेदरपुर फर्रुखाबाद मंगलवार की देरशाम घर पहुंची थी। रात को सभी लोग सो रहे थे। रात लगभग पौने 12 बजे सशस्त्र पांच बदमाश घर में घुस आए और मीरा देवीकी कनपटी पर तमंचा लगाकर घर में लूटपाट शुरू कर दी। इस दौरान घर में मौजूद विद्या देवी (65 वर्ष) पत्नी स्व. बादशाह सिंह व आशा देवी ने विरोध किया तो उनके बीच हाथापाई होने लगी। इस दौरान शोरगुल सुनकर छत पर सो रहे विद्या देवी के पुत्र राजवीर ने शोर मचाना शुरू कर दिया जिस पर बदमाशों ने जितने जेवरात लूटे उतने लेकर फरार हो गए। हाथापाई के दौरान विद्या देवी ने एक युवक को पहचाना। शोरगुल की आवाज सुनकर ग्रामीणों की भीड़ विद्या देवी के दरवाजे पहुंची तो उन्होंने घटना बताई। ग्रामीणों ने घायल तीनों महिलाओं को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इससे पहले घटना की जानकारी थाना पुलिस को दी। इधर चिकित्सकों ने घायलों को औरैया अस्पताल रिफर किया। घायल विद्या ने पुलिस को बताया कि सशस्त्र बदमाशों में एक गांव का निवासी विनोद सिंह पुत्र लल्ला सिंह था जो मंगलवार की रात एक बजे अपने मकान के बाहर रखे छप्पर में आग लगाने के बाद से फरार है।
इस घटना की जानकारी नरेंद्र सिंह पुत्र स्व. बादशाह सिंह ने पुलिस को दी। थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। विद्या ने बताया कि बदमाशों ने लगभग सवा लाख रुपए कीमत के जेवरात लूटे हैं।