औरैया। अस्ता गांव के पास शनिवार की देर रात यमुना नदी में नाव डूबने से अफरातफरी मच गई। दूसरी नाव से आ रहे लोगों ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से डूब रहे सभी लोगों को सकुशल बचा लिया।
जनपद का अधिकांश बीहड़ क्षेत्र अयाना थाना अंतर्गत आता है। गांव के लोग यमुना नदी पार कर जालौन जिले में मजदूरी कर अपना गुजर बसर करते हैं। शनिवार को अस्ता गांव निवासी सुभाष सिंह पुत्र राजाराम अपने परिवार और कुछ अन्य ग्रामीणों के साथ नदी पार कर अस्ता आ रहे थे। नाव यमुना नदी के बीचों बीच पहुंची तो डूब गई। नदी में डूब रहे लोगों में चीख पुकार मच गई। उस दौरान दूसरी नाव से अस्ता आ रहे लोगों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अयाना पुलिस, ग्रामीण क्षेत्राधिकारी सदर विद्यासागर मिश्रा, शहर कोतवाली प्रभारी ब्रजमोहन वर्मा भी पुलिस टीम और गोताखोरों को लेकर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से नदी में डूबे लोगों को सही सलामत निकाल लिया गया है। सभी को सही सलामत निकाले जाने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।