बिधूना (औरैया)। भाजपा प्रत्याशी गीता शाक्य पर पार्टी से मिली धनराशि को पूरा खर्च न करने और गलत ब्यौरा देने का आरोप लगाते हुए संगठन के दो दर्जन नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को सामूहिक इस्तीफा भेज दिया है।
भाजपा प्रांतीय परिषद सदस्य उदयवीर सिंह कुशवाह, दर्शनलाल शंखवार ने पत्रकारों को बताया कि बिधूना विधानसभा क्षेत्र की पार्टी प्रत्याशी गीता शाक्य को संगठन ने जो धनराशि दी थी, उसमें से मात्र 13 लाख रुपए ही खर्च हुए। जबकि पार्टी प्रत्याशी ने संगठन को गलत ब्यौरा प्रस्तुत किया है। इन नेताओं ने बताया कि चुनाव के दौरान प्रत्याशी ने उन लोगों को विश्वास में नहीं लिया, जिससे उन लोगों ने व्यथित और अपमानित महसूस कर पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफे देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अपने इस्तीफे पार्टी प्रदेश अध्यक्ष के पास भेज दिए हैं।
इस्तीफा देने वालों में पूर्व प्रांतीय सदस्य दर्शनलाल शंखवार, विधान सभा संयोजक डा. केके सिंह, चुनाव अभिकर्ता अजय पाल सिंह कुशवाह, किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश पाठक, पूर्व मंडल अध्यक्ष भीष्म पितामह, सर्वेश कुमार चौबे, नृपेंद्र सिंह, चंद्रपाल सिंह सेंगर, जय प्रकाश, ओम प्रकाश मिश्रा, अशोक दोहरे, उपेंद्र सिंह, डा. विनोद त्रिपाठी, मंडल पूर्व महामंत्री रामकरन सिंह कुशवाह, जिला पंचायत सदस्य मीना दोहरे, पूर्व जिलामंत्री डा. नीरज सेंगर, राजू कुशवाह, लालसिंह सेंगर, जगदीश सिंह सेंगर, मुकेश सिंह तोमर, वैभव गुप्ता, शिव प्रकाश राजपूत, मोनू जादौन, राहुल भदौरिया, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अभय सेंगर आदि भाजपाई शामिल हैं।
उधर, प्रत्याशी गीता शाक्य ने बताया कि उन पर लगाए जाने वाले सभी आरोप निराधार है। जो भी आरोप लगा रहा है द्वेष वश काम कर रहे हैं। उधर, भाजपा जिला प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि अभी तक उन्हें किसी भी पार्टी कार्यकर्ता, संगठन के पदाधिकारी ने कोई त्यागपत्र नहीं दिया है। जो नाम संज्ञान में आए हैं उनमें कई लोग पार्टी में नहीं है।