बीजलपुर (औरैया)। जगतपुर गांव में 12 दिन बाद लौटी छात्रा ने अपने चाचा और एक अन्य युवक पर अपहरण और रेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इधर छात्रा के लौटने पर ग्रामीण तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।
अयाना थाना क्षेत्र के जगतपुर निवासी किशोरी कक्षा 10 की छात्रा है। वह छह मई से लापता थी। जिसकी जानकारी किशोरी के पिता ने थाना पुलिस को दी थी। साथ ही खोजबीन भी शुरू कर दी थी। 12 दिन बाद 18 मई को घर लौटी किशोरी ने बताया कि छह मई को शौच क्रिया के लिए गांव के बाहर खेत जा रही थी। तभी उसके चाचा शशिवेंद्र सिंह यादव पुत्र जगत सिंह यादव निवासी जगतपुर अयाना और धर्मेंद्र सिंह यादव पुत्र रामनरेश यादव निवासी कुजपुरा जसवंत नगर इटावा ने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया और आगरा ले गए। जहां उसके साथ मारपीट कर दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी चंद्रशेखर दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर धारा 363, 366, 342, 323, 504 और 506 में दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।