औरैया। पुरानी कलक्ट्रेट में बनी कांशीराम कालोनी में रहने वाले लोगों को इस भीषण गर्मी में पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। कई बार शिकायतों के बावजूद उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हो सका है। इस पर आक्रोश जताते हुए कांशीराम कालोनी वासियों ने पुरानी कलक्ट्रेट में ट्यूबवेल के पास हंगामा काटा। साथ ही चेतावनी दी कि अगर 24 घंटे के अंदर उन्हें पानी की सुविधा नहीं दी जाती तो वह लोग दिबियापुर रोड पर जाम व नगर पालिका ईओ का घेराव कर सकते हैं।
कांशीराम आवासों को पात्रों के हवाले तो कर दिया गया लेकिन उनके लिए पानी की उचित व्यवस्था आज तक नहीं की गई है। इससे यहां रहने वाले लोगों को आज भी पानी के लिए झगड़ना पड़ रहा है। इतना ही नहीं काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है। शनिवार को यहां रहने वाले लोगों ने पानी की समस्या दूर न किए जाने पर नाराजगी जताई और नगर पालिका प्रशासन व जिलाधिकारी, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। शनिवार को पुरानी कलक्ट्रेट में रहने वाली महिलाओं ने खाली बाल्टियां, टंकियां लेकर प्रदर्शन किया। पूरे कलक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकाल नारेबाजी करते हुए महिलाएं व अन्य लोग वहां लगे ट्यूबवेल पर पहुंचीं और नारेबाजी कर अपना विरोध प्रकट किया।
महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि आवास तो उन्हें दे दिए गए लेकिन आज तक न तो उसकी किसी परेशानी का हल किया गया और न ही अधिकारी ध्यान दे रहे है। प्रदेश में बसपा सरकार हटने के बाद तो प्रशासनिक अधिकारियों ने उनके साथ सौतेला व्यवहार करना शुरू कर दिया है। कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर उन्हें पानी उपलब्ध नहीं कराया जाता तो वह लोग दिबियापुर रोड जाम करने के साथ नगर पालिका ईओ का घेराव करने को विवश होंगे।
इस मौके पर सूरजपाल सिंह, मुस्तकीम वारसी, कांती शुक्ला, शकीला, सुमन, लक्ष्मी, महेश चंद्र सक्सेना, जनक दुलारी, कमला, श्यामु, कुंती, सुनीता, शिमला, तुलसीराम, नसरीन ने बताया कि वह लोग पीने का पानी शहीद पार्क से भरकर लाते हैं।