औरैया। शहर के ठठराई मोहल्ला में मंगलवार की रात एक मकान में आग लगने से लाखों रुपऐ की संपत्ति राख हो गई। मोहल्लेवालों की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान से उठती आग की लपटों को भयभीत पड़ोसियों ने मकान खाली कर दिए थे। मोहल्लेवासियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। प्रशासनिक अधिकारी अभी तक पीड़ित परिवार के घर नहीं पहुंच सके हैं।
ठठराई में श्रीराम सेवक पुत्र छिदामी लाल पत्नी के साथ रहते हैं। उनके पुत्र प्रवेश की शादी 19 जून को होनी है। जिसकी तैयारियां जोरों पर चल रहीं थी। शादी का काफी सामान श्रीराम ने एकत्रित कर लिया था। सोमवार की शाम श्रीराम सेवक पत्नी के साथ दिल्ली अपने रिश्तेदारों में कार्ड देने गए थे। पुत्र प्रवेश भी दिल्ली में ही नौकरी करता है। मकान वह अपनी विवाहिता पुत्री सीता देवी के हवाले कर गए थे। मंगलवार की शाम सीता देवी मकान में ताला लगाकर कांशीराम कालोनी अपने घर चली गई थी। रात लगभग 11 बजे मोहल्लेवासियों ने श्रीराम सेवक के मकान से आग की लपटों को देखा, तो इसकी जानकारी कोतवाली पुलिस व फायर ब्रिगेड कर्मियों को दी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बुधवार को श्रीराम सेवक की पुत्री सीता देवी ने बताया कि घर में टीवी, अनाज के बोरे, बर्तन, कपड़े, बक्से, चारपाई, लगभग सभी सामान जलकर राख हो गया है। भाई प्रवेश की शादी की तैयारियों के लिए एकत्रित किए गए बर्तन, कीमती, सामान, जेवरात, गेहूं के बोरे सभी जलकर राख हो गए है। सीता देवी ने बताया कि इसकी जानकारी तहसील प्रशासन को भी दे दी गई है। मोहल्लेवासियों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की है। तहसील के कर्मियों ने इस अग्निकांड की जानकारी से अनभिज्ञता जताई है।