अजीतमल (औरैया)। पुरानी रंजिश को लेकर बुधवार शाम सपा और भाजपा नेताओं ने एक दूसरे पर असलहे तान दिए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत कराया। एक पक्ष ने राइफल व चेन तो दूसरे पक्ष ने चेन लूट की तहरीर पुलिस को दी है। सपा जिलाध्यक्ष रामबाबू और भाजपा संयोजक अनिल गुप्ता ने मामले की जानकारी से ही इनकार किया है।
सपा के अजीतमल ब्लाक अध्यक्ष कोमल सिंह आजाद नगर गढ़हा के रहने वाले हैं। वह बुधवार शाम सात बजे अपने समर्थकों के साथ बाबरपुर गए थे। वहां भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राजनीश पांडेय के साथ किसी बात को लेकर कोमल सिंह का विवाद हो गया। बात बिगड़ने पर रजनीश सिंह ने अपनी रिवाल्वर कोमल सिंह पर तान दी। इससे बौखलाए कोमल ने अपने साथी भगवान सिंह की रायफल लेकर उन पर तान दी। इससे अफरातफरी मच गई। इस बीच आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया। इसी बीच भगवान दास की रायफल भी गायब हो गई। कोमल सिंह ने थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि रजनीश पांडेय ने मारने की नीयत से रिवाल्वर तानी और गले में पहनी चेन लूट ले गए। वहीं रजनीश पांडेय ने तहरीर में आरोप लगाया है कि कोमल सिंह घर पर चढ़ाई कर मारने के लिए आए थे। उन्होंने भी सोने की चेन लूटने का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि कोमल सिंह की तहरीर मिली है, लेकिन रजनीश पांडेय की तहरीर नहीं मिलने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। बताते हैं कि कुछ दिन पहले क्रय केंद्र पर दोनों पक्षों में गेहूं खरीद को लेकर विवाद हुआ था। उसको लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।