3500 कर्मचारी संभालेंगे 9 नगर निकायों में चुनाव की जिम्मेदारी
अमरोहा। नगर निकाय चुनाव कराने के लिए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। सभी नौ नगर निकायों में 3500 कर्मचारी चुनाव कराएंगे। एक मतदान स्थल पर पीठासीन अधिकारी समेत चार लोग तैनात रहेंगे, जबकि 25 फीसदी कर्मचारियों को रिजर्व में रखा जाएगा।
निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची भी तैयार की जा रही है। चुनाव कराने के लिए तीन हजार अधिकारी कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर तैयार किया जाएगा। नगरीय निकाय चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव का अनुभव रखने वाले अधिकारियों कर्मचारियों के चयन पर अधिक जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों को जहां वरिष्ठता के आधार पर आरओ, आरओ व जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी दी गई। वहीं विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारियों को भी वरिष्ठता के आधार पर पीठासीन अधिकारी, सहायक के रूप मैं तैनात किया जा रहा है। सभी विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों का डाटा एकत्र किया जा रहा है। इस बार सभी नौ निकायों में चुनाव 464 बूथों पर होगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कि एक मतदान स्थल पर पीठासीन अधिकारी सहित चार कार्मिक तैनात रहेंगे। इसके अलावा 25 फीसदी कर्मचारियों को रिजर्व रखा जाएगा। ऐसे में सभी जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 3500 अधिकारी व कर्मचारियों की जरूरत है। जिसका डाटा तैयार किया जा रहा है।