अमेठी। दो वर्ष की लंबी कवायद के बाद जिले में अमृत सरोवरों के निर्माण की प्रगति लक्ष्य के सापेक्ष सात फीसदी है। जिले में दस फरवरी तक 91 अमृत सरोवर ही पूरे हुए हैं। 96 सरोवर अब भी निर्माणाधीन हैं।
अमृत सरोवरों के निर्माण का काम पिछले वित्तीय वर्ष में शुरू हुआ था। प्रदेश सरकार की ओर से लगातार मानीटरिंग के बावजूद जिले में अमृत सरोवरों का निर्माण लक्ष्य के अनुरूप किसी भी विकास खंड में पूर्ण नहीं हो पाया। जिन विकास खंडों में अमृत सरोवर पूर्ण हुए हैं।
उनकी संख्या भी इकाई में है। विकास खंड अमेठी में 50 ग्राम पंचायतें हैं। निर्धारित लक्ष्य सौ के सापेक्ष फरवरी के प्रथम सप्ताह तक 22 का निर्माण शुरू हुआ है। भुसहरी, अगहर, डेढ़पसार और गंगौली में अमृत सरोवरों का निर्माण अंतिम चरण में है। पंद्रह अगस्त को जिन पंचायतों में अमृत सरोवर पर झंडा रोहण हुआ था वहां भी काम की प्रगति निराशाजनक है।
विकास खंड भादर, भेंटुआ, संग्रामपुर व शाहगढ़ में भी एक भी अमृत सरोवर का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। कोरारी गिरधर शाह में एक अमृत सरोवर का निर्माण पूरा हुआ है। इसी सरोवर के पास एक दूसरा तालाब बनवाया जा रहा है।
सोमवार को यहां 18 मजदूर काम करते हुए मिले। रोजगार सेवक और पंचायत सचिव नहीं थे। शाहगढ़ के बीडीओ अभिषेक पटेल ने कहा कि आठ अमृत सरोवरों के निर्माण का काम लगभग पूरा है। तालाबों में पानी होने के कारण फिनिशिंग का काम पूरा नहीं हो पाया है।