अंबेडकरनगर । जिले में शीत लहर के साथ कोहरे का प्रकोप जारी है। शाम होते ही कोहरे की चादर फैलती है तो सुबह देर तक इससे निजात नहीं मिलती। सूरज का ताप भी हाड़कंपाऊ ठंड से राहत नहीं दिला पा रहा है। फसलों को भी अब नुकसान की आशंका बढ़ गई है। बगैर अलाव सुबह-शाम ठहर पाना मुश्किल हो रहा है। अभी इससे पूरी तरह से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में मौसम विभाग के पर्यवेक्षक शंख माधव त्रिपाठी की मानें तो सोमवार को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया लेकिन मौसम में बढ़ी आर्द्रता ने ठिठुरन कम नहीं होने दी। उन्होंने बताया कि न्यूनतम आर्द्रता 65 फीसदी तो अधिकतम 80 फीसदी तक पहुंच गई। इसके कारण वातावरण में ठंड का प्रभाव लगातार जारी है। शीत लहर के चलते लोगों की दैनिक जीवनचर्या प्रभावित हुई है। कोहरा इसमें इजाफा कर रहा है। शाम होते ही कोहरा गिरना शुरू होता है तो सुबह 11 बजे तक इसकी चादर तनी रहती है। सोमवार को सूरज निकला तो लेकिन इसकी किरणों में वह गर्मी नहीं थी। लोगों की कंपकंपी छूट रही है। जिला कृषि अधिकारी बताते हैं कि फसलों के बचाव के लिए हल्के पानी का प्रयोग किया जा सकता है।