अलीगढ़। जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह में छर्रा विधायक को अपनी ‘अनदेखी’ नागवार गुजरी और वे सम्मान में पगड़ी स्वरूप बांधा गया दुपट्टा मंच पर पटककर कार्यक्रम से चले गए। इस दौरान उनके समर्थक द्वारा मंच संचालक को धकियाते हुए हाथापाई तक कर दी। इस घटनाक्रम को लेकर तरह-तरह की चर्चाओं ने जन्म ले लिया है।
हुआ यूं कि सोमवार को उद्योग व्यापार संगठन द्वारा रामघाट रोड के एक वैंक्वेट हॉल में जनप्रतिनिधि सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में नगर विधायक जफर आलम, कोल विधायक जमीरउल्लाह खां, छर्रा विधायक ठा. राकेश सिंह, सपा जिलाध्यक्ष डाॅ. रक्षपाल सिंह, सपा महानगर अध्यक्ष अज्जू इशहाक और सपा व्यापार सभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सत्येन्द्र मित्तल मंच पर बैठे थे। अध्यक्षता संगठन अध्यक्ष किशन गुप्ता और संचालन अनुराग गुप्ता कर रहे थे। सभी विधायकों व सपा नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया और पगड़ी पहनाई गई। यहां छर्रा विधायक थोड़ा विलंब से पहुंचे तो उस समय तक पगड़ी खत्म हो गईं। इस पर आयोजकों ने पगड़ी स्वरूप दुपट्टा बांधकर उनका स्वागत किया। इसके बाद संचालक ने एक-एक कर क्रमश: सपा महानगर अध्यक्ष, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, नगर विधायक, कोल विधायक और सपा जिलाध्यक्ष को संबोधन के लिए आमंत्रित किया। लोग उम्मीद कर रहे थे कि छठे नंबर पर छर्रा विधायक को संबोधन के लिए बुलाया जाएगा। परन्तु संचालक ने छर्रा विधायक के बदले पूर्व महानगर महामंत्री कृपाल सिंह को आमंत्रित कर दिया। चर्चा है कि यह बात छर्रा विधायक और उनके समर्थकों को नागवार गुजरी। हालांकि संचालक से छर्रा विधायक को आमंत्रित करने का इशारा किया गया, लेकिन अनसुनी कर दी गई। इस पर बगैर विलंब किए विधायक पगड़ी मंच पर छोड़कर चल दिए। संगठन के लोग उन्हें मनाने के लिए पीछे-पीछे भागे। संचालक अनजाने में हुई गलती के लिए क्षमा मांग रहे थे। व्यापारियों के आग्रह पर विधायक दुबारा मंच के पास आए और अपनी व्यस्तता की बात कहकर पुन: निकल गए। खबर है कि इस दौरान विधायक समर्थक ने संचालक को धकियाते हुए हाथापाई कर दी और और तकरार तक हुई।