प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत तैयार कराए गए 1.20 लाख 645 मकान बनाने के प्रस्ताव को केन्द्रीय शहरी विकास मंत्रालय ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। बुधवार को दिल्ली में हुई केन्द्रीय स्वीकृति एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में यूपी की ओर से भेजे गए सभी प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है।
इसमें से योजना के घटक ‘लाभार्थी आधारित व्यक्तिगत निर्माण’ के तहत 1.2 लाख 47 मकानों का निर्माण सूडा द्वारा कराया जाएगा। जबकि दूसरे घटक ‘भागीदारी में किफायती आवास’ के तहत 18,598 मकानों का निर्माण आवास विकास परिषद द्वारा कराया जाएगा।
दिल्ली में आयोजित बैठक भाग लेकर लौटे सूडा के निदेशक देवेन्द्र कुमार पांडेय ने बताया कि इससे पहले 1.61 लाख 603 मकानों के निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है।इस प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत अब तक प्रदेश केलिए 2.82 लाख 248 मकान बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है।
अनुश्रवण समिति ने दी प्रस्तावों को मंजूरी
पांडेय ने बताया कि इसके साथ ही आज से ही योजना के तहत मिलने वाला अनुदान (2.5 लाख) का भुगतान सीधे लाभार्थियों के खाते में करने की कार्रवाई की शुरूआत भी कर दी गई है।उन्होंने बताया कि पहले दिन गोरखपुर नगर निगम के विभिन्न वार्डों के 75 लाभार्थियों के खाते में राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली एक लाख की अनुदान राशि की पहली किश्त भेज दी गई है।
इसी तरह मलिहाबाद नगर पंचायत क्षेत्र के मुंशीगंज के 10 और धनवंत राय बस्ती के2 लाभार्थियों के खाते में भी अनुदान की पहली किश्त भेजी गई है। निदेशक ने बताया कि छत स्तर तक का निर्माण पूरा होने पर दूसरी किश्त के तौर पर एक-एक लाख जारी किए जाएंगे।