यौन शोषण मामले में डेरा सच्चा सौदा प्रमुख पर कोर्ट का फैसला आने के मद्देनजर हिमाचल पथ परिवहन निगम ने बाहरी राज्यों के लिए बस सेवा बंद कर दी है। एचआरटीसी की 200 से ज्यादा बसें शुक्रवार शाम 5.00 बजे तक चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड के लिए नहीं चलेंगी।
एहतियात के तौर पर सूबे की सभी सीमाएं सील कर दी हैं। बसों व यात्रियों को काइ नुकसान न पहुंचे, इसके मद्देनजर सरकार ने यह फैसला लिया है। ऊना से पंजाब और चंडीगढ़ को जाने वाली ट्रेनें अगले दो दिनों तक रद्द कर दी हैं। कालका-शिमला और पठानकोट से जोगिंद्रनगर जाने वाली गाड़ियां भी रद्द हो सकती हैं।
आपात स्थिति में पुलिस की सहयोग से 3 से 4 टैंपो ट्रैवलर चलाई जाएंगी, ताकि मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाया जा सके। दिल्ली और बाहरी राज्यों में गईं बसों को अगले आदेश तक वहीं रोकने को कहा गया है। चालकों- परिचालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।