एमसी प्रशासक ने दी सरप्लस बजट को दी मंजूरी
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। नगर निगम शिमला का वार्षिक बजट इस बार महज छह पेज में सिमट गया। बिना मेयर और पार्षदों के तैयार और पेश किया यह बजट नगर निगम इतिहास का सबसे छोटा बजट बनकर रह गया।
बीते साल 39 पेज का बजट पेश हुआ था। पेज के अलावा बजट के लिहाज से भी यह बजट बीते साल से कम रहा। प्रशासक ने 181.14 करोड़ रुपये के सरप्लस बजट को मंजूरी दी है। नगर निगम की ओर से पेश किए इस बजट में कुल आय 181.19 दर्शाई है जबकि आगामी वित्तीय वर्ष के दौरान विकास कार्याें पर व्यय 174.78 करोड़ रुपये होने का दावा किया गया है। बीते वर्ष 224 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। इस बार बजट में कोई लुभावनी घोषणा शामिल नहीं की गई लेकिन आम जनता को राहत देने के लिए पार्किंग, नई लाइटें लगाने जैसे काम बजट में शामिल किए हैं।
प्रशासक ने दे दी है मंजूरी : आयुक्त
नगर निगम के वार्षिक बजट को प्रशासक ने मंजूरी दे दी है। इसे अब अंतिम मंजूरी के लिए सरकार को भेजा जाएगा। बजट में आम जनता पर टैक्स बढ़ोतरी का बोझ नहीं डाला है। निगम के आय संसाधन बढ़ाने का प्रयास है ताकि शहर की जनता के जरूरी काम और विकास के कार्य लगातार हो सके।
-आशीष कोहली, आयुक्त नगर निगम शिमला।