शहर में भाजपा के वार्डों से
कांग्रेस की लीड ने चौंकाया
पूर्व मेयर कुसुम और सत्या के वार्ड से भी मिली बढ़त
बाजार वार्ड के कारोबारियों ने भाजपा का दिया साथ
विश्वास भारद्वाज
शिमला। विधानसभा चुनाव परिणामों में शिमला शहरी सीट पर भाजपा के वार्डों में कांग्रेस की लीड चौंकाने वाली रही। शहर के 91 पोलिंग बूथों में से 67 पर कांग्रेस और 24 पर भाजपा ने बढ़त हासिल की।
भाजपा से नगर निगम की पूर्व मेयर कुसुम सदरेट के अनाडेल वार्ड और सत्या कौंडल के संजौली वार्ड से कांग्रेस को ज्यादा वोट मिले। हालांकि बाजार वार्डों से कारोबारियों ने भाजपा के पक्ष में खुल कर मतदान किया। माकपा के गढ़ माने जाने वाला समरहिल वार्ड भी इन चुनावों में कांग्रेस के साथ रहा।
अनाडेल वार्ड के तहत अपर अनाडेल, लोअर अनाडेल-1 और लोअर अनाडेल-2 से कांग्रेस को बढ़त मिली। लोअर अनाडेल-2 से भाजपा को 158 जबकि कांग्रेस को 263 मत मिले। लोअर कैथू-1 से भाजपा को 113 जबकि कांग्रेस को 175 वोट मिले, लोअर कैथू-2 से भी कांग्रेस को 12 वोट की लीड मिली। ताराहाल स्कूल-1 और 2 से भी कांग्रेस आगे रही। संजौली के नॉर्थ ओक, बोथवेल, चलौंठी, अपर संजौली, लोअर संजौली, इंजनघर से कांग्रेस को बढ़त मिली हालांकि लोअर संजौली एम-1 से भाजपा को 7 वोटों की बढ़त मिली। चलौंठी से कांग्रेस को 190, इंजनघर-1 से 93, इंजनघर-2 से 114 और लोअर संजौली-ई से 83 वोटों की बढ़त मिली।
रामनगर से भाजपा को 60 मतों की बढ़त मिली। भाजपा को यहां 316 मत मिले जबकि कांग्रेस को 256 मतों से संतोष करना पड़ा। टूटीकंडी-1 से 88, टूटीकंडी-2 से 141, लोअर फागली-1 से 84, लोअर फागली-2 से 71, फागली क्लब से 4, अपर फागली से 30 और नाभा से कांग्रेस को 108 मतों की बढ़त मिली। इसके अलावा भराड़ी, कलेस्टन, यूएस क्लब, जाखू, लालपानी, कृष्णानगर और खलीनी से भी कांग्रेस को बढ़त मिली।
बाजार वार्ड से भाजपा को लीड
शहर के बाजार वार्डों से भाजपा को लीड मिली। लोअर बाजार, मालरोड, मिडल बाजार, सुजी लाइन, सब्जी मंडी, लक्कड़ बाजार, रुल्दूभट्टा, गंज बाजार, राम बाजार और बस स्टैंड से कांग्रेस के मुकाबले भाजपा को अधिक वोट मिले।
शिमला शहरी सीट पर मत प्रतिशत
कांग्रेस - 51.35
भाजपा - 41.48
माकपा - 4.55
आम आदमी पार्टी - 1.07 फीसदी मत मिले।