समाना। समाना के नजदीक पड़ते हरियाणा के अजीमगढ़ गांव में एक 13 वर्षीय नाबालिग लड़की की शादी एक 35 वर्षीय युवक से कराए जाने की सूचना मिलने पर माइसर पुलिस चौकी के इंचार्ज सतबीर सिंह की ओर से शादी के मंडप में पहुंचकर शादी को रुकवाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने गांव पंचायत के सामने शादी न कराने की लिखित कराए जाने के बाद फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं किया। जानकारी के मुताबिक गांव अजीमगढ़ का एक व्यक्ति अपनी 13 वर्षीय लड़की की शादी एक 35 वर्षीय युवक से कराने जा रहा था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पुलिस को इस गैर कानूनी शादी के बारे में सूचना दी। इस पर पुलिस चौकी माइसर के इंचार्ज सतबीर सिंह ने शादी के मंडप में पहुंचकर लड़की की आयु के प्रमाण पत्र दिखाने को कहा। लड़की का पिता पुलिस को बातों में उलझाता रहा लेकिन जब लड़की के पिता से सख्ती से पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि उसकी लड़की नाबालिग है। इसके बाद पुलिस ने शादी को तुरंत रुकवा दिया। लड़की के पिता ने पुलिस को बताया कि मौजूदा हालात को देखते हुए वह अपनी लड़की की शादी जल्द करना चाहता था। शादी के मंडप में पहुंचे कुछ गांव वालों ने पुलिस को बताया कि लड़की के पिता ने शादी के बदले उस युवक से हजारों रुपये की सौदेबाजी की थी। माइसर चौकी इंचार्ज सतबीर सिंह ने बताया कि शादी को तुरंत रुकवाकर दोनाें पक्षों से गांव के कुछ लोगों के सामने लिखित में देकर शादी नहीं करने को कहा गया है। इसके बावजूद भी शादी कराने का प्रयास किया गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।