पटियाला। नगर निगम चुनावों को लेकर बागियों के खिलाफ भाजपा ने तेवर कड़े कर लिए हैं। प्रदेश प्रधान अश्विनी शर्मा ने वार्ड नंबर 34 से आजाद प्रत्याशी अमर चंद डाबी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसके साथ ही चेतावनी दी गई है कि अगर वार्ड - 22 के बागी नेता जल्द न बैठे तो उन्हें भी बाहर का रास्ता दिखा दिया जाएगा।
नगर निगम चुनावों को लेकर माहौल गर्माता जा रहा है। टिकट न मिलने से नाराज कई भाजपाई आजाद उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतर गए। इनमें से कई को नेताओं ने मनाकर बैठा दिया है। लेकिन कई अब भी भाजपा प्रत्याशियों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। प्रदेश भाजपा प्रधान अश्विनी शर्मा ने रविवार को वार्ड नंबर 34 से निर्दलीय प्रत्याशी अमर चंद डाबी को पार्टी से निष्कासित कर दिया।
जिला भाजपा के कार्यवाहक प्रधान त्रिभुवन गुप्ता ने कहा कि पार्टी प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव प्रचार करने वाले पार्टी वर्करों व नेताओं को भी बख्शा नहीं जाएगा।