मोहाली। पेट्रोल की बढ़ी कीमत के विरोध में वीरवार को यूथ अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। यूथ अकाली दल के शहरी प्रधान हरमनप्रीत सिंह प्रिंस की अगुवाई में कार्यकर्ता मदनपुर चौक पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह व यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी का पुतला जलाया।
प्रिंस ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल की कीमत में वृद्धि करके आम आदमी के शोषण की मिसाल कायम की है। रेट में बढ़ोतरी करके सरकार निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने में लगी है। उन्होंने मांग की कि बढ़ाए गए रेट को तुरंत वापस लेकर लोगों को राहत दी जाए। इस मौके जतिंदरपाल सिंह राठौर, हरप्रीत सिंह लाली, गुरमीत सिंह छाबड़ा, दमन शर्मा, कुलबीर सिंह, बलप्रीत जॉनी, चरनजीत चन्नी, गुरप्रीत सिंह बल्ली, नवजीत सिंह, तजिंदर सिंह, सूरत सिंह कलसी, मनदीप सिंह, गुरसेवक सिंह, करन पहलवान, कुणाल हांडा और राजपिंदर सिंह संधू भी मौजूद थे।
रेहड़े पर स्कूटर रख जताया विरोध
वहीं, वीरवार शाम यूथ अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने फेज पांच मार्केट में रेहड़े पर स्कूटर चढ़ाकर विरोध जताया। यूथ महासचिव परमजीत काहलों, गुरमुख सोहल, मलकीत खालसा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर व्यापार मंडल के प्रधान कुलवंत सिंह चौधरी, मन्ना संधू, अवतार सिंह, बलविंदर सिंह गोबिंदगढ़, जतिंदर सिंह, गुरविंदर पिंकी, जगबीर मटौर, मेजर पलसौरा, गगनदीप सिंह भी थे।
भाजपा करेगी रोष प्रदर्शन
पेट्रोल के रेट में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ भाजपा जिले भर में प्रदर्शन करेगी। जिला प्रधान सुखविंदर गोल्डी ने कहा कि अगर कीमत की बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई तो पार्टी सभी ब्लाकों में रोष प्रदर्शन करेगी।