मोहाली। मंगलवार को कोर्ट कॉम्प्लेक्स के सामने हुए सौदागर सिंह के कत्ल के मामले में पुलिस ने चार और आरोपियों की पहचान कर उन्हें नामजद कर लिया है। गांव मौली बैदवान के सरपंच अवतार सिंह के खिलाफ भी साजिश के आरोप में परचा दर्ज किया गया है। अवतार सिंह पर हमलावरों की मदद करने का आरोप है। साजिश के आरोप में ही रणजीत सिंह निवासी गांव बुडहर को नामजद किया गया है। रणजीत सिंह पहले भी मोहाली में हुए झगड़ों में आरोपी है। इसके अलावा बिल्लू और लक्की निवासी खुड्डा अलीशेर को कत्ल के मामले में नामजद किया गया। लांडरां निवासी चार युवकों को पहले ही नामजद किया जा चुका है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई जगह छापेमारी की, लेकिन कोई भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सका।
गौरतलब है कि मंगलवार को पेशी पर आए सौदागर सिंह का कुछ युवकों ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर कुल्हाड़ी से वार कर बेहरमी से कत्ल कर दिया था। दोनों गुटों की पुरानी रंजिश चली आ रही थी। खरड़ में दर्ज एक मामले की सुनवाई के लिए ही दोनों गुट अदालत आए थे।
सुरक्षा और पेट्रोलिंग बढ़ेगी, तैनात होगी क्यूआरटी
एसपी सिटी हरप्रीत सिंह ने बुधवार दोपहर कोर्ट का दौरा कर सुरक्षा इंतजाम रिव्यू किए। उन्होंने कोर्ट के बाहर ही डीएसपी एचएस रियाड़, पीसीआर इंचार्ज अतुल सोनी और इंडस्ट्रियल एरिया चौकी इंचार्ज आरडी के साथ इस बारे में सलाह-मशविरा किया। वहीं, कोर्ट के बाहर फेज 3बी1 और 3बी2 की डिवाइडिंग रोड पर सारा दिन पीसीआर का स्पेशल नाका लगाया गया। कई घंटे तक इंचार्ज अतुल सोनी और आरडी खुद वहां मौजूद रहे। एसपी सिटी हरप्रीत सिंह ने कहा कि कोर्ट के बाहर सुरक्षा रिव्यू की गई है। कोर्ट के बाहर सुरक्षा बढ़ाई जाएगी, साथ ही पीसीआर पेट्रोलिंग की फ्रीक्वेंसी भी बढ़ाई जाएगी। वहीं, कोर्ट के टी-प्वाइंट पर क्विक रिस्पॉॅन्स टीम (क्यूआरटी) तैनात की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपियों की तलाश में छापेमारी चल रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद है।
कड़ी सुरक्षा में सौंपा सौदागर का शव
सौदागर का शव सिविल अस्पताल पहुंचने के साथ ही उसके दोस्त और परिजन पहुंचने शुरू हो गए थे। बुधवार सुबह मटौर और थाना फेज एक के एसएचओ समेत बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स सिविल अस्पताल में तैनात की गई थी। पोस्टमार्टम के बाद दोपहर में सौदागर का शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसका बाद में उसके गांव भुआखेड़ी, फतेहगढ़ साहिब में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कोर्ट में कैदियों के बीच झड़प
कोर्ट में पेशी के लिए आए दो कैदियों में बुधवार दोपहर झड़प हो गई। जानकारी के मुताबिक मनौली वाले बाबा के कत्ल केस की सुनवाई बुधवार को थी। जिसके लिए दो आरोपी डॉली और हैप्पी को कोर्ट लाया गया था। परिसर के अंदर ही दोनों की किसी बात पर झड़प हो गई। जिसके बाद ने उन्हें अलग कर दिया।