मोहाली। कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर कुछ युवकों ने मंगलवार को दिनदहाड़े एक युवक की कुल्हाड़ी से कई वार कर हत्या कर दी। दोपहर करीब एक बजे हर तरफ लोगों की भीड़ के बीच आरोपियों ने इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। जिससे चारों तरफ दहशत का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई। बुरी तरह जख्मी युवक सौदागर सिंह को फौरन पास के चावला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दहशत का नाच करने के बाद हमलावर कुल्हाड़ी के साथ मौके से फरार हो गए। मृतक सौदागर सिंह पंजाब स्टाइल कबड्डी का अच्छा खिलाड़ी था। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया, जो सौदागर सिंह का ही साथी निकला। उसके बयानों पर मटौर पुलिस ने लांडरां निवासी चार युवकों हरसिमरन सिंह, जतिंदर सिंह, सतनाम सिंह एवं रंधीर सिंह और 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ परचा दर्ज कर लिया है।
बताते हैं गांव बुआखेड़ी, फतेहगढ़ साहिब निवासी सौदागर सिंह और उस पर हमला करने वालों के बीच पुरानी रंजिश थी। दो साल पहले हुए हत्या के प्रयास के एक केस में हमलावर शिकायतकर्ता हैं और सौदागर आरोपी था। मंगलवार को उसी केस की तारीख लगी थी, जिसमें हमलावर युवक सुनवाई के लिए आए थे। सौदागर सिंह के वकील ने पैर में तकलीफ के चलते अदालत में निजी पेशी से छूट की अर्जी दी थी। जिसे अदालत ने स्वीकार नहीं किया। वकील के फोन करने के बाद सौदागर ने अपने कुछ दोस्तों को साथ लिया और अदालत पहुंचा, क्योंकि उसे अंदेशा था कि दूसरा गुट कुछ कर सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सौदागर अपनी बोलैरो में जैसे ही पहुंचा, उसने दूसरे गुट के लोगों को तेजधार हथियारों से लैस देख लिया। कोर्ट कॉम्प्लेक्स के बाहर टी-प्वाइंट के पास बोलैरो खड़ी करके उसने अपनी कुल्हाड़ी ली और साथियों समेत बाहर निकला। इसी दौरान दोनों गुट आमने-सामने हो गए। पहले वह कोर्ट के गेट की तरफ भागे, फिर पुलिस देख कर मेन रोड की तरफ आए। इसी बीच सौदागर के हाथ से कुल्हाड़ी छूट गई और उसके साथी भी भाग गए। सौदागर ने बोलैरो स्टार्ट कर आगे बढ़ाई तो वह सामने से आ रही स्विफ्ट से टकरा गई। फिर उसने कार बैक की तो डिवाइडर पर चढ़ गई। इतने में हमलावरों ने भी बोलैरो के सामने और साइड के शीशों पर वार किए। कार रुकने पर उन्होंने सौदागर को नीचे उतार लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवकों ने उसके हाथ पकड़े और एक ने कुल्हाड़ी से उसकी छाती और पेट पर वार किए। आखिरी वार उसकी गरदन पर पीछे की तरफ हुआ, जिसके साथ ही खून का फौव्वारा निकला और सौदागर निढाल होकर गिर पड़ा। उसे छोड़ कर हमलावर बाइकों पर बैठ कर निकल भागे। आसपास काफी भीड़ थी, एक पुलिसकर्मी भी वहां था। पर उसने फायर नहीं किया, सिर्फ पिस्तौल दिखा कर हमलावरों को रोकने की कोशिश की, जो नाकाम रही। घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून बिखरा था। इसके ठीक सामने गुरद्वारा साचा धन है, वहां आने वाली संगत और पास स्थित सरकारी स्कूल के बच्चे घटना के बाद दहशत में थे।