मोहाली। इंडस्ट्रियल एरिया में दो सौ फीट चौड़ी रोड पर मंगलवार सुबह बुलेटप्रूफ एस्कॉर्ट वाहन ने एक बाइक को टक्कर मार दी, जिससे पॉलीटेक्निक के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी जख्मी हो गए।
जानकारी के मुताबिक 96 करोड़ी मल दल के मुखी बाबा बलबीर सिंह की एस्कॉर्ट बोलैरो सेक्टर-70 की तरफ से इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जा रही थी। कार हरदीप सिंह नामक निहंग चला रहा था, कार पर लाल बत्ती लगी हुई थी। दो सौ फीट चौड़ी रोड पर इंडस्ट्रियल एरिया पुलिस चौकी के पास स्थित चौक पर बोलैरो ने चंडीगढ़ की तरफ से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मारी। इससे बाइक सवार विवेक निवासी सेक्टर 39 चंडीगढ़, चन्नप्रीत सिंह निवासी सेक्टर- 24 चंडीगढ़ और अमनदीप सिंह निवासी फेज एक मोहाली गंभीर जख्मी हो गए।
घायलों को तुरंत सेक्टर-70 स्थित अमर अस्पताल ले जाया गया, जहां विवेक की मौत हो गई। तीनों युवक शहीद ऊधम सिंह इंजीनियरिंग कॉलोज तंगोरी में पॉलीटेक्निक के छात्र हैं और पेपर देने जा रहे थे। 18 वर्षीय विवेक अपने माता-पिता का अकेला बेटा था, उसकी दो बहनें हैं। विवेक के पिता सोहनलाल पंजाब विधानसभा में सीनियर असिस्टेंट हैं। अमर अस्पताल में विवेक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था।
इंडस्ट्रियल एरिया चौकी पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर बोलैरो चालक हरदीप सिंह को हिरासत में ले लिया। हादसे के बाद बोलैरो चालक ने लाल बत्ती उतार कर कार में रख दी। पुलिस ने बोलैरो चालक के खिलाफ परचा दर्ज कर लिया है। गौरतलब है कि इस चौक पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। जिसके बाद प्रशासन ने यहां ट्रैफिक लाइटें भी लगवाई थीं। उसके बावजूद वाहनों की तेजरफ्तार यहां हादसों का सबब बन रही हैं। क्योंकि यहां ट्रैफिक पुलिस तैनात नहीं रहती।