मोहाली। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड की मैनेजमेंट के लिए काफी समय से परेशानी बनी हुई परीक्षा कंट्रोलर सुखविंदर कौर सरोया को बोर्ड ने बुधवार सस्पेंड कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ एक जांच कमेटी गठित कर दी है। जो उन पर लगे सभी आरोप की जांच करेगी। कमेटी में रिटायर्ड सेशन जज से लेकर रिटायर्ड कमिश्नर तक शामिल हैं। जब तक परीक्षा कंट्रोलर के खिलाफ जांच चलेगी, तब तक वह रेगुलर बोर्ड आएंगी, लेकिन बोर्ड में किसी भी प्रकार का विभागीय काम नहीं करेगी।
बोर्ड मैनेजमेंट ने परीक्षा कंट्रोलर को सस्पेंड करने का फैसला बुधवार शाम पांच बजे के करीब लिया। इससे पहले पूरे दिन बोर्ड में मीटिंगों का दौर चलता रहा। जिसमें बोर्ड के चेयरमैन डॉ. दलबीर सिंह ढिल्लों से लेकर तमाम अधिकारी शामिल हुए। इस दौरान काफी चिंतन के बाद उन्हें सस्पेंड करने का फैसला लिया गया। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा कंट्रोलर पर कई आरोप लगे हैं। जिनकी जांच के लिए चार मेंबरी कमेटी गठित की गई है। इसमें कोर्ट का रिटायर्ड सेशन जज, यूनिवर्सिटी का रिटायर्ड रजिस्ट्रार, रिटायर्ड कमिश्नर व अन्य शामिल हैं। जो कि कम से कम समय में अपनी रिपोर्ट बोर्ड मैनेजमेंट को सौंपेगे।
बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक अगर सरोया को बोर्ड से सस्पेंड नहीं किया जाता, तो वह जांच को प्रभावित कर सकती थीं। जिसके चलते उन्हें सस्पेंड करने का फैसला लिया गया है। बोर्ड के सचिव डॉ. बलविंदर सिंह ने सरोया को सस्पेंड करने की पुष्टि की। उन्होंने साफ किया कि जांच में अगर वह निर्दोष पाई जाती हैं, तो बहाल की जाएगी।