मोहाली। करोड़ों की कोठी का एक हिस्सा किराए पर लेकर रहने वाले किराएदार ने ही कोठी पर कब्जा कर लिया। मकान मालिक का सामान भी गायब कर दिया। चंडीगढ़ निवासी एक महिला डॉक्टर की शिकायत पर परचा दर्ज करने के बाद पुलिस ने कोठी में छिप कर रह रहे बठिंडा के एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। तफ्तीश में पता चला कि यह लोग किराए पर कोठी लेकर पहले उसे विवादित बनाते थे, फिर अपने ही आदमी खड़े करके सस्ते रेट पर खरीद लेते।
सेक्टर 35-ए चंडीगढ़ निवासी डॉ. धीरज सेन पुत्री डॉ. जगजीत सिंह ने मार्च में थाना फेज आठ पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि पॉश इलाका सेक्टर-69 में उनकी कोठी नंबर 1523 है। जिसमें पीछे की तरफ स्थित दो कमरों का सेट उन्होंने करन सिंह नामक व्यक्ति को किराए पर दिया था। वह यहां नहीं रहते। इसका फायदा उठा कर करन सिंह ने धीरे-धीरे पूरी कोठी पर कब्जा कर लिया। कोठी में रखे उनके गहने, घड़ियां एवं फर्नीचर भी गायब कर दिए।
गौरतलब है कि यह शहर की प्राइम लोकेशन है, इसी लाइन में पूर्वमंत्री बलवंत सिंह रामूवालिया, शिअद पीएसी मेंबर किरनबीर सिंह कंग समेत कई प्रभावशाली लोगों की कोठियां हैं। पुलिस ने तीस अप्रैल-12 को करन सिंह एवं अन्यों के खिलाफ परचा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। पुलिस के जाने पर हमेशा कोठी में ताला ही मिलता था। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाया तो पता चला कि कोठी पर ताला लगा है, पर कोई अंदर है। पुलिस ने फौरन दबिश दी और कोठी में दाखिल होकर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी पहचान वरिंदर सिंह निवासी बठिंडा के रूप में हुई है। एसएचओ फेज आठ भारत भूषण ने बताया कि वरिंदर से पूछताछ में सामने आया है कि एक यह गिरोह है, जो पहले किसी कोठी में किराए पर रहते हैं। फिर कब्जा करके उसे डिस्प्यूटेड बना देते हैं। उसके बाद अपने ही आदमी खड़े करके कोठी को सस्ते रेट पर खरीद लेते हैं। वरिंदर के मुताबिक उसे करन सिंह ने यहां रखवाया था। पुलिस ने वरिंदर को बुधवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। उससे करन सिंह के बारे में खुलासे होने की उम्मीद है।
-- बॉक्स
किराएदारों के दो और कब्जों की शिकायतें
मोहाली। किराएदारों द्वारा मकानों पर कब्जे की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। थाना फेज आठ पुलिस के पास ही दो और ऐसी शिकायतें आई हैं, जिनकी जांच चल रही है। सेक्टर-69 में ही कोठी नंबर 2510 निवासी गुरबचन सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। उनके किराएदार ने भी कोठी पर कब्जा कर लिया है। वहीं, सेक्टर-68 स्थित पंचम सोसाइटी के फ्लैट नंबर 4956 के मालिक अजय कुमार सिंगला ने भी शिकायत दी है। उन्होंने एक महिला को किराए पर फ्लैट दिया। जिसने एडवांस किराए के रूप में तीन चेक दिए, जो बाउंस हो गए। अब वह फ्लैट खाली नहीं कर रही है। पुलिस दोनों पक्षों के बीच बातचीत से विवाद हल करवाने की कोशिश में है।