संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। छावनी की चुंगी नंबर-सात पर नाके के दौरान कार सवार दो व्यक्तियों ने इंस्पेक्टर के गनमैन को कुचलने का प्रयास किया। हुआ यूं कि थाना कैंट प्रभारी नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रहा था, इस दौरान उसने वहां से गुजर रही एक कार को रोकने का इशारा किया। कार धीरे हो गई और नजदीक आते ही सवार कार को भगाकर ले गए। यही नहीं कार से मुलाजिम टकरा गया, जो सड़क पर जाकर गिरा। पुलिस ने पीछा कर आरोपियों को दबोच लिया है। थाना कैंट पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर नवीन कुमार के मुताबिक चुंगी नंबर-सात पर नाकाबंदी कर वे वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। वहां पर एक सफेद रंग की आल्टो कार गुजरी जिसे रुकने का इशारा किया। पीएचजी संतोख सिंह ने कार को हाथ दिया, कार की रफ्तार धीमी हो गई, जैसे ही कार नजदीक आई उसने रफ्तार तेजकर वहां से दौड़ा ली। यही नहीं कार से संतोख को टक्कर मार दी, जो सड़क पर जाकर गिरा। पुलिस ने आरोपियों का पीछा कर कुछ दूरी पर जाकर उन्हें काबू कर लिया।
कार में सवार दोनों लोग शराब के नशे में थे। जब उन्हें काबू किया तो आरोपी इंस्पेक्टर से हाथापाई करने लगे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान दिलप्रीत सिंह व कारज सिंह वासी गांव रूकना बेगू के रूप में हुई है। थाना कैंट पुलिस ने उक्त दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।