मैनपुरी दीवानी में शनिवार सुबह हुई घटना के बाद एक घंटे तक दहशत रही। पति से चल रहे मुकदमे में तारीख करने के बाद पत्नी जब दीवानी से बाहर आई, तभी रास्ते में पति ने तमंचा से फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। उधर पुलिस ने आरोपी को तमंचे सहित गिरफ्तार कर लिया। बताया गया है कि आरोपी पति गांव तखरऊ निवासी रत्नेश करीब डेढ़ साल से अपने दो बच्चों की सुपुर्दगी के लिए प्रयास कर रहा था। पत्नी रूबी द्वारा इसका विरोध किया जा रहा था। जिसके चलते आरोपी ने पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की योजना बनाई थी। इस बीच जब पत्नी शनिवार को कोर्ट में तारीख करने आई थी, तभी पति ने उस पर हमला बोल दिया।
थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव तखरऊ निवासी रत्नेश त्रिपाठी की शादी करीब 13 वर्ष पूर्व फर्रुखाबाद के राजीव गांधी नगर निवासी रूबी के साथ हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। दंपती के बीच करीब तीन वर्ष पूर्व झगड़े की शुरूआत हुई थी। इसके बाद डेढ़ वर्ष पूर्व रूबी घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए मायके आ गई। दोनों बच्चे भी उसके पास थे। रूबी दिल्ली में बहन के घर रह कर नौकरी कर रही थी। मुकदमे में तारीख के लिए मैनपुरी दीवानी न्यायालय आती थी।
मुकदमे के दौरान रत्नेश की ओर से दोनों बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर प्रयास किए जा रहे थे। रूबी एक भी बच्चे को रत्नेश को नहीं देना चाहती थी। शनिवार को बच्चों की सुपुर्दगी को लेकर अदालत में विचार होना था। रूबी दीवानी पहुंची तभी रत्नेश ने उसे पकड़ लिया।
दीवानी के पास हुए गोलीकांड बाद आसपास के लोग दहशत में आ गए। ब्लॉक में मौजूद फरियादी और कर्मचारी बाहर नहीं निकले। पुलिस के पहुंचने पर लोगों ने राहत की सांस ली। आसपास काम करने वाले और मौजूद लोगों में एक घंटे तक दहशत का माहौल रहा।
मामले में देर शाम पुलिस को पीड़िता रूबी की तहरीर प्राप्त हुई। रूबी ने बताया कि शनिवार को वह दीवानी न्यायालय तारीख पर आई थी तभी पति ने उसे रोक कर उसे दो गोलियां मारीं। न्यायालय में पति से भरण पोषण का वाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।