आप सभी लोगों ने भारत के राष्ट्रीय ध्वज में लगे अशोक चक्र को जरूर देखा है। क्या आपको इस बारे में पता है कि अशोक चक्र में कितनी तीलियां हैं और हर तीलियां इंसान के किन गुणों को दर्शाती हैं? अगर नहीं, तो आज हम आपको इसी के बारे में बताने वाले हैं। ये चक्र सम्राट अशोक के मिले कई शिलालेखों में बनाया गया था। अशोक चक्र को धर्म चक्र के नाम से भी जाना जाता है। यह चक्र हमें बताता है कि चलते रहना ही जीवन है और रुक जाना मृत्यु। इस चक्र को कर्तव्य का पहिया भी कहा जाता है। अशोक चक्र में कुल 24 तीलियां होती हैं। इसकी 24 तीलियां मनुष्य के 24 गुणों को दर्शाने का काम करती हैं। इन 24 गुणों को धर्म मार्ग भी कहा जाता है। अगर देश के सभी नागरिक इन 24 गुणों को अपना लें, तो देश को उन्नति करने से कोई नहीं रोक सकता है। इसी वजह से 1947 में हमारे नीति निर्माताओं ने अशोक चक्र को राष्ट्रीय ध्वज में स्थान दिया था। इसी कड़ी में आइए जानते हैं कि अशोक चक्र की 24 तीलियां मनुष्य के किन किन गुणों को दर्शाती हैं?