हिंदू कैलेंडर के अनुसार प्रत्येक वर्ष फाल्गुन मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का पर्व मनाया जाता है। इस वर्ष महाशिवरात्रि 11 मार्च 2021 दिन गुरूवार को मनाई जाएगी। भगवान भोलेनाथ के भक्तों को पूरे साल महाशिवरात्रि के दिन का इंतजार रहता है। इस दिन को लोग बहुत ही हर्षोल्लास के साथ मनाते हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती का विवाह हुआ था, इसलिए शिवभक्तों के लिए यह दिन बहुत ही खास होता है। महाशिवरात्रि पर भगवान शिव के साथ माता पार्वती का पूजन भी किया जाता है। जगह-जगह पर भांग का प्रसाद बांटा जाता है। भगवान शिव की कृपा पाने के लिए यह पर्व बहुत ही शुभ माना गया है। इस दिन शिव जी को उनकी प्रिय चीजें अर्पित करके आप अपने जीवन की समस्याओं से मुक्ति प्राप्त कर सकते हैं। महाशिवरात्रि पर कुछ बातों को ध्यान में रखना अति आवश्यक होता है। तो चलिए जानते हैं कि इस दिन क्या करें और क्या न करें।