हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे 8 विधायकों को अपने ही घरों में ढेर होना पड़ा। भाजपा सरकार में पंचायती राज मंत्री रहे और कुटलैहड़ विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर को कांग्रेस उम्मीदवार देवेंद्र कुमार भुट्टो ने 7,579 मतों से पराजित किया।
भाजपा सरकार में शहरी आवास मंत्री रहे और कसुम्पटी विस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुरेश भारद्वाज को कांग्रेस विधायक व प्रत्याशी अनिरुद्ध सिंह ने पराजित किया। अनिरुद्ध सिंह ने उन्हें 8,655 मतों से शिकस्त दी। भाजपा हाईकमान ने सुरेश भारद्वाज का विस क्षेत्र बदलकर इस बार कसुम्पटी से टिकट दिया था। 2017 में उन्होंने शिमला शहरी सीट से चुनाव में जीत दर्ज की थी।
भाजपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे और कसौली विस क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार डॉ. राजीव सैजल को कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने 6,768 मतों से शिकस्त दी।
भाजपा सरकार में शिक्षा मंत्री और मनाली विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी गोविंद ठाकुर को कांग्रेस उम्मीदवार भुवनेश्वर गौड़ ने 2,957 वोटों से हराया।
भाजपा सरकार में सामाजिक न्याय एवं आधिकारिता मंत्री और शाहपुर विस क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सरवीण चौधरी को कांग्रेस उम्मीदवार केवल सिंह पठानिया ने 12,243 मतों से हराया।