Christmas 2022 Party Ideas Best Places: साल का आखिरी महीना चल रहा है। दिसंबर खत्म होते ही नया साल आ जाएगा। नई तारीख, नया दिन, नया महीना बहुत सारी उम्मीदों को लेकर आता है। इसलिए लोग नए साल के स्वागत को लेकर काफी उत्साहित रहते हैं। साल 2023 के स्वागत के लिए लोगों ने तैयारियां भी शुरू कर दी होगी। लोग नए साल में पार्टी करते हैं, घूमने जाते हैं। लेकिन साल 2022 को अलविदा कहने के लिए इस आखिरी महीने यानी दिसंबर में साल का अंतिम त्यौहार आता है, जिसे लोग धूमधाम से मनाते हैं। 25 दिसंबर को क्रिसमस है। वैसे तो यह त्योहार ईसाई धर्म के लोगों के लिए सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण त्योहार है। लेकिन साल का आखिरी पर्व होने के कारण हर कोई इसे उत्साह के साथ मनाता है। इस बार 25 दिसंबर रविवार को पड़ रहा है। ऐसे में अगर आप क्रिसमस 2022 को यादगार बनाना चाहते हैं तो दोस्तों के साथ रोड ट्रिप पर जा सकते हैं। यहां क्रिसमस पर दोस्तों संग रोड ट्रिप पर जाने के लिए बेहतरीन जगहों के बारे में जानकारी दी जा रही है।
मुंबई से गोवा रोड ट्रिप
अगर आप मुंबई, महाराष्ट्र के रहने वाले हैं तो दोस्तों के साथ क्रिसमस के मौके पर या नए साल की ट्रिप के लिए गोवा जा सकते हैं। मुंबई से गोवा की रोड ट्रिप बजट फ्रेंडली भी है और खूबसूरत नजारों से भरपूर भी। गोवा से मुंबई जाने वाले रास्ते में कई खूबसूरत झरने, छोटी छोटी पहाड़ियां देखने को मिलेंगी। मुंबई से गोवा का सफर लगभग 10 से 12 घंटे का है। आप शुक्रवार या शनिवार को रोड ट्रिप पर रवाना हो सकते हैं और गोवा पहुंचकर दोस्तों संग मस्ती भी कर सकते हैं।
गुवाहाटी से तवांग
खूबसूरत गुवाहाटी से तवांग का रास्ता बहुत ही शानदार नजारों से भरा है। आप क्रिसमस के मौके पर गुवाहाटी से तवांग का सफर सड़क मार्ग के जरिए कर सकते हैं। रास्ते में बर्फीले पहाड़, सुंदर झीलें और घने जंगल देखने को मिलेगें। रोमांचक सफर के लिए दोस्त यहां का प्लान बना सकते हैं। गुवाहाटी से तवांग की सड़कें भारत की सबसे सुंदर सड़क मार्गों में से एक हैं।
दिल्ली से मसूरी
राजधानी दिल्ली से कई हिल स्टेशन महज कुछ घंटों की दूरी पर स्थित हैं। आप दिल्ली से कई जगहों का सफर सड़क मार्ग के द्वारा कर सकते हैं। सर्दियों में रोड ट्रिप पर जाना चाहते हैं तो दिल्ली से मसूरी का सफर तय कर सकते हैं। नई दिल्ली से मसूरी 290 किलोमीटर की दूरी पर है। लगभग 7 घंटे का सफर बहुत उत्साह और रोमांचक रहेगा। इस दौरान आप देहरादून में रुक सकते हैं या चाहें तो आसपास की अन्य जगहों को भी घूम सकते हैं।
कोलकाता से दीघा
सर्दियों में वीकेंड पर रोड ट्रिप के लिए कोलकाता से दीघा का सफर तय कर सकते हैं। कोलकाता से दीघा लगभग 184 किलोमीटर है और इस सफर को तय करने में चार घण्टे का समय लग सकता है। हालांकि सफर के दौरान खूबसूरत नजारे और लजीज खाना आपकी ट्रिप को अधिक मजेदार बना देगा।