दूरदर्शन पर पुराने कार्यक्रमों की वापसी के साथ ही दूरदर्शन का सुनहरा दौर भी वापस लौट आया है। रामायण से सर्कस तक, दर्शक इन कार्यक्रमों को बेहद पसंद कर रहे हैं। ऐसे में अमर उजाला अपने पाठकों को इन कार्यक्रमों से जुड़े कुछ न कुछ किस्से बता रहा है। इस सिलसिले को आगे बढ़ाते हुए आज बात करते हैं रामायण की।
रामानंद सागर की रामायण में दीपिका चिखलिया ने सीता का किरदार निभाया था। कुछ साल पहले एक साक्षात्कार में दीपिका ने रामायण की बात करते हुए बताया था, 'जब यह धारावाहिक शुरू हुआ था तो मेरी उम्र अधिक न थी और तब इस बात का तनिक भी अहसास नहीं था कि हम नया इतिहास रचने जा रहे हैं।'
दीपिका ने आगे कहा था, 'रामचरित मानस में तुलसीदास ने राम और सीता की वेशभूषा के बारे में बताया है और हमें वैसा ही दिखना था। यह पहली बार था जब टेलीविजन पर रामायण को दिखाया जा रहा था। उस समय टेलीविज़न पर दिखना कोई बहुत अच्छी बात नहीं मानी जाती थी।'
दीपिका ने आगे कहा था, 'पहला एपिसोड एक घंटे का था और उसे बनाने में करीब 15 दिन का समय लगा। मैं महीने में 27 दिनों तक वहां रहती थी। वहां मेकअप स्टूडियो होता था तो हम यहीं रहते थे और कोई भी मुंबई नहीं लौटता था।'
दीपिका ने आगे कहा था, 'एक अभिनेता के तौर पर सबने बेहतरीन प्रदर्शन किया और सबने इसे पसंद किया। छह महीने बीतते-बीतते हमें इस बात का अहसास हो गया था कि हम बड़े स्टार हो गए हैं। वो एक ऐसा समय था जब राम और सीता के किरदार भारतीयों के लिए महाराजा और महारानी की तरह हो गए थे।'