बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर अपने बेबाक बयानों के लिए जानी जाती हैं। वह अक्सर किसी न किसी मुद्दे पर खुलकर अपनी राय दुनिया के सामने रखती हैं। वैसे तो इन दिनों सपा नेता फहद अहमद संग अपनी शादी को लेकर सुर्खियों में हैं, लेकिन आज उनके चर्चा में आने की वजह कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता रद्द होना है। दरअसल, राहुल गांधी की सदस्यता रद्द होने पर स्वरा भास्कर ने सोशल मीडिया पर रिएक्ट किया है जो तेजी से वायरल हो रहा है।
अपनी बातों को मुखरता से रखने वालीं स्वरा भास्कर ने हाल ही में राहुल गांधी का पक्ष लेते हुए उनका समर्थन किया और विपक्षी दलों की क्लास लगाई है। अभिनेत्री ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा है कि, वे तथाकथित पप्पू से कितने डरे हुए हैं, यह साबित करने के लिए कानून का घोर दुरुपयोग किया गया है।
स्वरा ने अपने ट्विटर हैंडल पर एएनआई के ट्वीट को साझा करते हुए रिएक्शन दिया। अभिनेत्री लिखती हैं, 'वो तथाकथित पप्पू से कितने डरे हुए हैं। राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता और विश्वसनीयता और कद पर लगाम कसने के लिए कानून का दुरुपयोग किया गया है। साल 2024 में राहुल गांधी लोकसभा चुनाव न लड़ सकें, इसलिए यह रणनीति बनाई गई है। लेकिन मेरा मानना यह है कि इससे राहुल गांधी का कद और भी बढ़ेगा।'
आपको बता दें, आज यानी 24 मार्च को सूरत कोर्ट ने मानहानि केस में राहुल गांधी को दोषी करार किया गया है। इस मामले में कोर्ट ने राहुल गांधी के लिए दो साल की सजा का एलान किया है। इसी के कारण लोकसभा सचिवालय ने जनप्रतिनिधि काननू की धारा आठ के आधार पर संसद से राहुल गांधी की सदस्यता को रद्द कर दिया। गौरतलब है, राहुल से पहले सोनिया गांधी और इंदिरा गांधी की लोकसभा सदस्यता भी रद्द हो चुकी है।