पॉपुलर सिंगिंग रिएलिटी शो 'इंडियन आइडल 12' लगातार विवादों में बना हुआ है। बीते दिनों ये शो इसलिए विवाद में था, क्योंकि अमित कुमार से लेकर सुनिधि चौहान और अभिजीत सावंत जैसे सेलेब्स ने खुलासा किया था कि मेकर्स काबिलियत से ज्यादा कंटेस्टेंट्स की कहानियों पर जोर देते हैं। उनसे कंटेस्टेंट्स की तारीफ करने के लिए भी कहा गया था। तो वहीं इस वीकेंड शो में शो में दिग्गज अदाकारा जीनत अमान पहुंचीं। उन्हें इंप्रेस करने के लिए सभी कंटेस्टेंट्स ने बेहतरीन परफॉर्मेंस दी। इस दौरान कंटेस्टेंट ने उन पर फिल्माए गए गाने गाए और एपिसोड जीनत अमान के नाम किया। शो में उन्होंने अपनी कई पुरानी यादों को भी साझा किया। वहीं, अब प्रतिभागी अंजलि गायकवाड़ के एलिमिनेट होने के बाद एक बार फिर हंगामा मच गया है। इस कारण दूसरी कंटेस्टेंट्स शनमुख प्रिया पर यूजर्स भड़क रहे हैं। अंजलि गायकवाड़ के शो से बाहर निकलने के बाद यूजर्स ट्विटर पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कांग्रेस नेता अजय माकन ने 'इंडियन आइडल' को लेकर ट्वीट किया है।
अजय माकन लिखते हैं, 'ये मुश्किल समय है। हर फोन कॉल और सोशल मीडिया पोस्ट के साथ डरे हुए हैं। क्या वो ला सकते हैं... कोई नहीं जानता। कुछ घंटों का संगीत हमें एक पुरानी दुनिया में ले जाता है। इनमें से कोई भी बच्चा एलिमिनेशन के लिए नहीं है। अंजलि गायकवाड़ को वापस लाओ।'
महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले की अंजलि गायकवाड़ ने अपने पापा से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ली है। इंडियन आइडल 12 में शामिल होने वाली अंजलि इस कांटेस्ट की सबसे छोटी कंटेस्टेंट थी। 2017 में हुए सिंगिंग रियलिटी शो में अंजलि में सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स का खिताब अपने नाम कर लिया था। अंजलि गायकवाड़ के बाहर होते ही एक बार फिर से शंमुखाप्रिया निशाने पर आ गईं और उनके सिंगिंग स्टाइल को लेकर ट्रोल किया जा रहा है।
इस एपिसोड में शंमुखाप्रिया ने 'चुरा लिया है तुमने जो दिल को' गाना गाया था। इस दौरान जजों ने भले ही उनकी तारीफ की। लेकिन यूजर्स को यह खास पसंद नहीं आया है। इसके बाद ट्विटर पर शंमुखाप्रिया को बाहर करने की मांग होने लगी है। एक यूजर ने लिखा, 'जब शंमुखाप्रिया गा रही थी तो मैंने अपना टीवी म्यूट कर दिया। माफ करिएगा पुराने गानों को इस तरह बर्बाद करते नहीं देख सकता।'
वहीं अगर बात करें इस सीजन की तो इस सीजन में कुल 8 कंटेस्टेंट्स बचे हैं। इनमें पवनदीप राजन, मोहम्मद दानिश, शनमुख प्रिया, अरुणिता कांजीलाल, आशीष कुलकर्णी, सायली कांबले, सवाई भाट और निहाल तारो बचे हैं।