भोजपुरी इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस और मॉडल आकांक्षा दुबे ने वाराणसी के एक होटल में आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद से भोजपुरी इंडस्ट्री में सभी लोग हैरान हैं। घटना की जानकारी के बाद से पुलिस जांच में जुटी हुई है। वहीं, एक्ट्रेस ने इस आत्महत्या से पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा किया था।
वीडियो साझा कर एक्ट्रेस ने कही यह बात
दरअसल, आकांक्षा दुबे सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं। वह अक्सर ही अपने इंस्टाग्राम पर फोटोज और वीडियो साझा करती रहती थीं। उन्होंने अपनी आत्महत्या के कदम उठाने से पहले अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में एक्ट्रेस ने व्हाइट रंग की शर्ट पहनी हुई थी और वह हमेशा की तरह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। एक्ट्रेस वीडियो में कह रही थीं-बदली नहीं हूं, बस वक्त के साथ आदत बदल ली है अपनी। अब जो जैसा है, उसके लिए मैं वैसी हूं, बुरी कल भी नहीं थी और अच्छी आज भी नहीं हूं। इस वीडियो को साझा करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा था नोटेड।
आकांक्षा ने 17 घंटे पहले भी साझा किया था वीडियो
आकांक्षा ने बीते 17 घंटे पहले भी भोजपुरी गाने पर डांस मूव्स दिखाते हुए एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में एक्ट्रेस बेहद खुश नजर आ रही थीं और कोई अंदाजा भी नहीं लगा सकता था कि आज वह ऐसा कदम उठा सकती हैं।
भोजपुरी इंडस्ट्री में छाया मातम
आकांक्षा ने टिक टॉक और इंस्टाग्राम पर शॉर्ट वीडियोज बनाना शुरू किया था, जिसके बाद उन्होंने भोजपुरी इंडस्ट्री में कदम रखा था। अकांक्षा भोजपुरी सिनेमा की खूबसूरत और हिट एक्ट्रेस में से एक थीं। उन्होंने कई हिट फिल्मों और वीडियो सॉन्ग में काम किया है, इसके साथ ही आकांक्षा ने कई भोजपुरी सुपरस्टार्स के साथ भी काम किया है। उनकी मौत की खबर सुनने के बाद से इंडस्ट्री में मातम छा गया है। सभी लोग इस वक्त हैरान है।
मशहूर भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे ने की खुदकुशी