पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी शुक्रवार (तीन जनवरी) को शादी के बंधन बंध गए। उन्होंने पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी की दूसरी बेटी अंशा से निकाह किया है। शुक्रवार को शाहीन की शादी की कुछ तस्वीरें सामने आई थीं। उनमें उनके साथी खिलाड़ी और अन्य मेहमान नजर आ रहे थे। अब शाहीन और अंशा की तस्वीरें भी आ गई हैं। इसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं।
शाहिद अफरीदी ने शाहीन और अंशा की तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने एक भावुक पोस्ट किया। शाहिद ने लिखा, ''बेटी आपके बाग का सबसे खूबसूरत फूल है। वह बड़ी बरकतों से खिलती हैं। बेटी वो है जिसके साथ आप सपने देखते हैं और हंसते हैं। बेटी को आप पूरे दिल से प्यार करते हैं। एक पिता होने के नाते मैंने अपनी बेटी को शाहीन अफरीदी को निकाह में दिया है। दोनों को बधाई।''
सोशल मीडिया पर शाहीन और अंशा की जोड़ी को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। शाहिद अफरीदी ने जो तस्वीर शेयर की है उसमें शाहीन निकाह के बाद अंशा के माथे को चूमते हुए नजर आ रहे हैं। वहीं, एक अन्य तस्वीर में शाहीन और अंशा एक साथ बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।
शाहिद अफरीदी ने 2021 में ही पुष्टि की थी कि शाहीन उनकी दूसरी सबसे बड़ी बेटी से शादी करना चाहते हैं। हालांकि, दोनों की शादी में काफी देरी हुई। अफरीदी चाहते थे कि उनकी बेटी पहले पढ़ाई पूरी कर ले। शाहीन ने भी पहले ही बता दिया था कि वह अंशा के साथ शादी करना चाहते हैं।
टी20 विश्व कप के बाद चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे शाहीन का इंतजार आखिरकार समाप्त हुआ। अब वह अंशा के साथ शादी के बंधन में बंध चुके हैं। निकाह के बाद ससुर शाहिद अफरीदी और दामाद शाहीन एक साथ नजर आए।