सचिन तेंदुलकर आज से राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपनी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। अप्रैल में 39 वर्ष पूरे करने वाले सचिन तेंदुलकर को सुबह 11 बजे सदन के सभापति हामिद अंसारी पद और गरिमा की शपथ दिलाएंगे।
चाहने वालों ने शुभकामनाएं भेजी
विश्व शतरंज चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने सचिन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्यसभा सदस्य बनना दिग्गज क्रिकेटर की जिंदगी का अहम पड़ाव है। उम्मीद है कि वे इसका लुत्फ उठाएंगे।
वहीं टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा कि क्रिकेट के मैदान पर बेशुमार उपलब्धियां हासिल करने वाले सचिन राज्यसभा में भी अहम योगदान देंगे। मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं।
यह एक संयोग है कि सचिन को भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान दिलीप टिर्की के साथ सदन में बैठने का अवसर मिलेगा। टिर्की बीजू जनता दल के सदस्य के रूप में राज्यसभा में आए हैं।