इटली के प्रधानमंत्री मारियो मोंटी ने केरल में गिरफ्तार दो इतालवी नौसैनिकों के मामले पर चिंता जताने के लिए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को फोन किया है। इन दोनों नौसैनिकों को फरवरी में दो भारतीय मछुआरों की कथित रूप से हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
प्रधानमंत्री ने मोंटी पर बनाया दवाब
सूत्रों ने रविवार को बताया कि मोंटी दोनों नौसैनिकों को इटली स्थानांतरित करने पर दबाव बना रहे हैं। समझा जाता है कि उन्होंने बातचीत के दौरान दोनों नौसैनिकों की स्थिति पर चिंता जताई। कोल्लम की अदालत में शनिवार को इस मामले पर सुनवाई के कुछ दिन पहले दोनों नेताओं के बीच फोन पर यह बातचीत हुई।
गौरतलब है कि दोनों इतालवी नौसैनिकों को 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। जहाज ‘एनरिका लेक्सी’ पर यात्रा करते हुए इन्होंने 15 फरवरी को केरल के तट पर दो भारतीय मछुआरों पर समुद्री दस्यु होने के संदेह में फायरिंग की थी। घटना में दोनों मछुआरों की मौत हो गई थी।
मामले में दोनों नौसैनिकों की गिरफ्तारी और फिर भारत में केस चलाए जाने की प्रक्रिया के कारण भारत और इटली के संबंधों में तल्खी आई है। इटली के विदेश मंत्रालय द्वारा भारतीय राजदूत देवब्रत साहा को रोम में तलब किए जाने के बाद मनमोहन-मोंटी के बीच यह चर्चा हुई। दोनों इतालवी नौसैनिकों के खिलाफ दाखिलचार्जशीट को लेकर असंतोष जताते हुए इटली ने भारत से अपने राजदूत गिआकोमो सेनेफेलाइस को वापस बुला लिया है।