डॉलर के मुकाबले रुपए में तेजी से आ रही गिरावट के कारण सरकार ने पेट्रोल की कीमत में भारी बढ़ोतरी की है। पेट्रोल के दाम में प्रति लीटर 7.50 रुपए का इजाफा किया गया है। बढ़े हुए दाम आज आधी रात से लागू होंगे। दाम बढ़ने से पेट्रोल अब कोलकाता में 77.53 रुपए प्रति लीटर, दिल्ली में 73.14 रुपए प्रति लीटर, बंगलूरू में 81 रुपए प्रति लीटर और मुंबई में 78.16 रुपए प्रति लीटर हो गया है।
तेल कंपनियों का आयात खर्च बेहिसाब बढ़ा
इससे पहले केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री जयपाल रेड्डी ने कहा था कि रुपए में तेजी से आ रही गिरावट के कारण तेल कंपनियों का आयात खर्च बेहिसाब रफ्तार से बढ़ा है। इसलिए एलपीजी, पेट्रोल और डीजल के दामों में तत्काल बढ़ोतरी जरूरी हो गई है।
नवंबर-2011 के बाद से नहीं बढ़े थे दाम
उल्लेखनीय है कि सरकार ने पेट्रोल के दामों पर से जून 2010 में नियंत्रण हटा दिया था। इसके बावजूद पेट्रोल के दाम नवंबर-2011 के बाद से नहीं बढ़ाए गए हैं। डीजल, एलपीजी और केरोसिन के दामों में पिछले साल जून में बढ़ोतरी की गई थी।
डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर होने से स्थिति बिगड़ी
रेड्डी का कहना था कि अगर डालर के मुकाबले रुपया 100 पैसे कमजोर होता है तो तेल कंपनियों को घाटा 8000 रुपये प्रति वर्ष तक बढ़ जाता है। डॉलर पिछले साल 46 रुपए का था और अब 55 का है। मंत्री ने कहा कि इससे कंपनियों का कुल घाटा 75000 करोड़ रुपए तक चला गया है।