लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब भी समाज आगे चलेगा तो सरकार उसके पीछे होगी। ऐसे में समाज हमेशा आत्मनिर्भर व स्वावलंबी होगा। वहीं जब सरकार आगे और समाज पीछे होगा तो ऐसा समाज कभी स्वावलंबी नहीं हो सकता।
मुख्यमंत्री रविवार को राजधानी के अर्जुनगंज में भाऊराव देवरस सेवा न्यास की ओर से संचालित महामना शिक्षण संस्थान बालिका प्रकल्प में छात्रावास के भूमि पूजन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत की स्वावलंबन परंपरा के पीछे यहां का समाज रहा है। हम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज की बात सुनते हैं। यह वास्तविकता थी। गांव व समाज आत्मनिर्भर था। शासन पर उसकी निर्भरता न्यूनतम थी। कहा कि यह देश की विडंबना रही है कि ब्रिटिश काल में या गुलामी के कालखंड में हमारे गौरव के बोध को पूरी तरह समाप्त करने के प्रयास हुए। बड़े शिक्षण केंद्र तोड़े गए। आस्था के केंद्रों को नष्ट किया गया, जिससे भारतीय समाज उन पर गौरव की अनुभूति न कर सके। इधर अब आजादी के अमृत महोत्सव वर्ष में पहली बार पूरा देश एक साथ जुड़ सका।
उन्होंने कहा कि समाज जब आगे बढ़कर नेतृत्व करता है तो उसके परिणाम भी आते हैं। उन्होंने भाऊराव देवरस और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय संस्थान की ओर से शिक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर सह सर कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, न्यास के अध्यक्ष ओमप्रकाश गोयल आदि मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने संस्था को मदद का भरोसा दिया। साथ ही संत रविदास को उनकी जयंती पर नमन किया।
वोट के लिए योजनाएं नहीं, युवाओं को जोड़कर काम करना होगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी की योजनाएं सिर्फ वोट के लिए नहीं होतीं। योजनाओं की मंशा समाज के स्वावलंबन की होती है। इसी कड़ी में आज छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने के लिए कई योजनाएं शुरू की गई हैं। विभिन्न क्षेत्रों में आगे निकलने के लिए युवाओं को जोड़कर काम करना होगा। प्रधानमंत्री स्किल मिशन का चौथा चरण शुरू होने जा रहा है। युवाओं को तैयार करना होगा। रोजगारपरक विषयों को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाना होगा।