डलमऊ (रायबरेली)। गदागंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात ट्रैक्टर-ट्राॅली पलटने से उस पर सवार 17 महिलाएं घायल हो गईं। ये लोग फतेहपुर जिले से आलू की खोदाई कर घर लौट रही थीं। घायलों को सीएचसी डलमऊ ले जाया गया, जहां से तीन की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। ट्राॅली में आलू भरा था।
सरांय लखनी और बरारा बुजुर्ग गांव की महिलाएं फतेहपुर जिले के हुसैनगंज में आलू खोदने गईं थीं। बुधवार शाम सभी ट्रैक्टर-ट्राॅली पर आलू लादकर घर लौट रहीं थीं। तभी कुढ़ाचक सगुनपुर गांव के पास ट्रैक्टर-ट्राॅली पलट गई। इससे उस पर सवार सरांय लखनी गांव की अलका, मुस्कान, रुचि, पार्वती, गुड़िया, ज्ञानमती, प्रीति, रामकली, सीता, कोमल, खुशबू, शिवानी, प्रियंका एवं बरारा बुजुर्ग की अर्चना, अर्जुन, सलोनी, श्याम दुलारी घायल हो गईं।
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को सीएचसी डलमऊ ले जाया गया। चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रीति, रामकली व सलोनी को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने बताया कि ये महिलाएं गदागंज थाना क्षेत्र के पूरे कलवारन मजरे देवगना गांव के पप्पू के साथ आलू खोदने गईं थीं। तभी कुढ़ाचक सगुनपुर के पास ट्रॉली पलट गई।