रायबरेली। मंगेतर के घर में शनिवार को एक युवती का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने पहुंचकर घटना की जांच की। परिजनों ने लड़के पक्ष पर युवती की हत्या करने का आरोप लगाया है।
सलोन के मटका गांव की गोमती (20) पुत्री रामदेव की शादी 27 मार्च को भदोखर के मियां का पुरवा मजरे अनुरुद्रपुर गांव निवासी राजूू के साथ होनी थी। मंगनी हो चुकी थी। शादी के पहले ही वह 21 फरवरी से अपनी होने वाली ससुराल में रह रही थी। शनिवार सुबह आठ बजे परिजन खेत चले गए।
घर पर सिर्फ राजू की नौ वर्षीय बहन शिवांशी और गोमती थी। बाद में शिवांशी भी खेत चली गई। कुछ देर बाद परिजन करीब 10 बजे घर पहुंचे तो देखा कि झोपड़ी में बांस से दुपट्टे के सहारे गोमती का शव लटक रहा है। यह देख परिजन दंग रह गए। पुलिस ने पहुंचकर घटना की पड़ताल की।
युवती के पिता रामदेव का आरोप है कि उसकी बेटी की हत्या की गई है। प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई की जाए। सीओ सदर वंदना सिंह ने बताया कि युवती की मंगनी हो गई थी। 27 मार्च को शादी तय थी। शादी से पहले ही वह अपनी होने वाली ससुराल में रह रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। फिलहाल परिजनों से पूछताछ की जा रही है।