रायबरेली। विबग्योर ग्रुप ऑफ स्कूल्स की सभी शाखाओं में रविवार को आयोजित वार्षिक समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। सभी कक्षाओं के टॉप-3 छात्र-छात्राओं व उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया।
विभिन्न राज्यों की पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर आए बच्चों ने एक साथ समूह नृत्य कर लोक कलाओं का प्रदर्शन किया। डांडिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देख हर कोई थिरकने को मजबूर हो गया।
गणेश वंदना पर मनमोहक नृत्य ने सभी को आकर्षित किया। होली गीत पर अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों ने नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। देशभक्ति से प्रेरित गीतों और नृत्य ने भी मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में आरोही पटेल, दिव्यांशी, तनु, माही, आराध्या, साक्षी, निमिषा आदि ने भाग लिया। नारी सशक्तिकरण पर आधारित नाटक के मंचन में आरुषि अशोक यादव, पूर्णिमा यादव ने बेहतरीन अभिनय किया। संरक्षक विमला वर्मा ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से शुभारंभ किया।
चंदौली शाखा में अक्षिता श्रीवास्तव, वर्तिका कुशवाहा, अंशिका यादव, आदित्य पाल, प्राची मौर्य, शुभी कुशवाहा, रिद्धिमा यादव, आद्विक राज श्रीवास्तव, आराध्या कुशवाहा, दिव्यांशी शुक्ला, प्रतिष्ठा गुप्ता, मानसी शर्मा, कोमल सिंह, सानिया बानो, अर्पित मौर्य, नैतिक पांडेय, रितिका वर्मा, हर्षवी, अतुल पाठक, सार्थक वर्मा, वैशाली साहू, साक्षी यादव, शोभित को सम्मानित किया गया। शक्ति नगर शाखा में हंसिका सैनी और चांदनी ने अपनी कक्षाओं में टॉप किया। प्रबंधक मुदित वर्मा और प्रधानाचार्य एमपी वर्मा ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।