05:54 AM, 05-Apr-2022
अगर पहले सैन्य सहायता मिल जाती तो हजारों लोगों को बजाया जा सकता था: जेलेंस्की
जेलेंस्की ने देर रात अपने राष्ट्रीय संबोधन में रूसी सैनिकों और सैन्य अधिकारियों को संबोधित किया। जेलेंस्की ने सैन्य सहायता के बारे में कहा कि 'अगर हमें पहले ही यह सहायता मिल जाती, जिसकी हमें जरूरत थी तो हम हजारों लोगों को बचा सकते थे। जेलेंस्की ने पश्चिमी नेताओं को भी संबोधित किया और रूस के खिलाफ कार्रवाई में देरी के लिए उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा, "मैं लोकतांत्रिक दुनिया के नेताओं की प्रतिक्रिया को भी ध्यान में रखना चाहूंगा, जो उन्होंने बुका में देखा। इसके बाद रूस के नागरिकों के नरसंहार के लिए प्रतिबंधों की प्रतिक्रिया अंततः शक्तिशाली होनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि कुछ यूरोपीय नेताओं को यह समझाने के लिए कि रूस सबसे गंभीर प्रतिबंधों का हकदार है, हमारे सैकड़ों लोगों को यातना झेलते हुए मरना पड़ा, क्या यह जरूरी था?”
05:45 AM, 05-Apr-2022
मोतिझिन में मेयर और उनके परिवार का शव बरामद हुआ
बुका शहर में सैकड़ों लाशों के मिलने के बाद अब पश्चिम कीव के एक शहर मोतिझिन में मेयर और उनके परिवार का शव बरामद हुआ है। मेयर के परिवार के तीन सदस्यों के साथ पांच शव मिले हैं, सभी के हाथ पीछे की ओर बंधे हुए हैं। पुलिस के अनुसार कीव के पश्चिम में एक गांव में पांच नागरिकों के हाथ बंधे हुए पाए हैं, जिनमें मेयर, उनके पति और बेटे के शव भी शामिल हैं। यह शव मोतिझिन में मेयर के घर की सीमा से लगे देवदार के जंगलों में मिले हैं। पुलिस के अनुसार चार शव जमीन में आधा दफनाया हुआ मिला तो एक शव कुएं में मिला है।
05:37 AM, 05-Apr-2022
यूक्रेन यूरोप का एक पूर्ण हिस्सा है: एंड्री यरमक
यूक्रेन के राष्ट्रपति के कार्यालय के प्रमुख ने कहा कि यूक्रेन यूरोप का एक पूर्ण हिस्सा है और प्रभावी यूरोपीय सुरक्षा प्रणाली के केंद्र में होने का हकदार है। यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय की वेबसाइट पर प्रकाशित टिप्पणियों के अनुसार, एंड्री यरमक ने कहा है कि 14 साल पहले बुखारेस्ट में हुए नाटो शिखर सम्मेलन में "एक बहुत बड़ी ऐतिहासिक गलती" की गई थी, जब "विशिष्ट सहयोगी देशों और विशिष्ट नेताओं ने रूस के साथ एक खेल शुरू किया था।" उन्होंने कहा कि "तब एक ऐतिहासिक निर्णय लेना संभव था जो इस जघन्य युद्ध को रोक सकता था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।”
03:52 AM, 05-Apr-2022
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को आज संबोधित करेंगे जेलेंस्की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा कि वह मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएससी) को संबोधित करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन में नागरिकों की हत्या की पूरी तरह से खुली जांच करना कीव के हित में है। उन्होंने कहा कि बूका को रूसी सेना के कब्जे से वापस लेने के बाद वहां सामूहिक कब्रें और शव मिले हैं, कम से कम 300 नागरिक मारे गए हैं, और उन्हें उम्मीद है कि बोरोडंका और अन्य शहरों में हताहतों की संख्या और अधिक हो सकती है। जेलेंस्की ने देर रात अपने वीडियो संबोधन में कहा, "मैं इस बात पर जोर देना चाहूंगा कि हम सबसे पूर्ण, पारदर्शी जांच में रुचि रखते हैं, जिसके परिणाम पूरे अंतरराष्ट्रीय समुदाय को ज्ञात और समझाए जाएंगे।"
02:31 AM, 05-Apr-2022
रूस से तेल आयात करना किसी भी देश का खुद का निर्णय: जेन साकी
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव जेन साकी ने रूस से तेल आयात करने पर कहा कि किसी देश द्वारा लिया गया यह उसका खुद का निर्णय है, हम इसे लेकर प्रतिबंध नहीं लगा सकते। उन्होंने कहा कि हमने स्पष्ट रूप से कहा है रूस से तेल आयात करने का निर्णय किसी भी देश का खुद का निर्णय है, भले ही हमने इसे रोकने का फैसला किया है और अन्य देशों ने भी तेल आयात पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। जेन साकी ने कहा कि 'हम नहीं मानते कि रूस से तेल और अन्य वस्तुओं के आयात में तेजी लाना या बढ़ाना भारत के हित में है। अभी, भारत के कुल तेल आयात का केवल एक से दो फीसदी हिस्सा रूस से आयात किया जाता है।
02:23 AM, 05-Apr-2022
हमारे पास रूसी सैनिकों के अत्याचारों की विश्वसनीय रिपोर्टें हैं: अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता नेड प्राइस ने कहा कि "हमने यातना, दुष्कर्म और नागरिकों को उनके परिवारों के साथ मारे जाने की विश्वसनीय रिपोर्टें देखी हैं। पुतिन की सेना द्वारा छोड़े गए बारूदी सुरंगों और बूबी ट्रैप सहित अत्याचारों के दुःस्वप्न की रिपोर्ट और तस्वीरें भी सामने आई हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेक सुलिवन ने कहा कि "रूस यूक्रेन के अधिकांश क्षेत्रों को निशाना बनाने की बजाय अपने सैन्य बलों को पूर्वी और दक्षिणी यूक्रेन के कुछ हिस्सों में अपने आक्रामक अभियानों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए पुनर्स्थापित कर रहा है।
01:46 AM, 05-Apr-2022
हम यूक्रेन में हुए अत्याचारों पर नजर रखे हुए हैं: अमेरिकी विदेश मंत्रालय
यूक्रेन में अत्याचारों के सबूत इकट्ठा करने के लिए अमेरिका अंतरराष्ट्रीय अभियोजकों की एक टीम का समर्थन कर रहा है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि अमेरिका, यूक्रेन के अनुरोध पर इस क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय अभियोजकों की एक बहु-राष्ट्रीय टीम का समर्थन कर रहा है, ताकि जवाबदेही तय करने की दिशा में अत्याचारों के साक्ष्य एकत्र करने और उनका विश्लेषण करने में मदद मिल सके। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नेड प्राइस ने संवाददाताओं से कहा, "हम यूक्रेन में हुए अत्याचारों पर नजर रख रहे हैं और उनका दस्तावेजीकरण कर रहे हैं और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जिम्मेदार ठहराने के लिए काम कर रहे संस्थानों के साथ जानकारी साझा कर रहे हैं।"
01:14 AM, 05-Apr-2022
यूक्रेन की सड़कों पर शव मिलने के बाद रूस की वैश्चिक स्तर पर निंदा
रूस को वैश्विक स्तर पर निंदा और युद्ध अपराधों के आरोपों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल कीव के बाहरी इलाके से रूसी सैनिकों के हटने के बाद वहां सड़कों पर शव पड़े मिले। ये शव आम नागरिकों के प्रतीत होते हैं और इनमें से कुछ को जानबूझकर करीब से गोली मारी गई। खुले में पड़े शव या जल्दबाजी में खोदी गई कब्रों में शवों की तस्वीरें सामने आने के बाद क्रेमलिन के खिलाफ सख्त प्रतिबंधों की मांग की गई। इसमें रूस से ईंधन आयात में कटौती की मांग भी शामिल है। यूरोपीय नेताओं और संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने रक्तपात की निंदा की। इनमें से कुछ ने इसे नरसंहार भी कहा। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को युद्ध अपराधों के मुकदमे का सामना करना चाहिए।
12:41 AM, 05-Apr-2022
रूस को मानवाधिकार परिषद से निलंबित करने का अमेरिका ने किया आह्वान
संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत लिंडा थॉमस-ग्रीनफील्ड ने सोमवार को कहा कि अमेरिका संयुक्त राष्ट्र के शीर्ष मानवाधिकार निकाय से रूस का निलंबन चाहता है, क्योंकि रूसी सेना ने यूक्रेन में युद्ध अपराध किए हैं। थॉमस-ग्रीनफील्ड ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुका शहर में आम लोगों के खिलाफ हिंसा के बारे में सप्ताहांत आई खबर के मद्देनजर मानवाधिकार परिषद में रूस से उसकी सीट छीनने का आह्वान किया। आम लोगों के खिलाफ हिंसा की खबरें सामने आने के बाद रूस के प्रति काफी आक्रोश जताया जा रहा है और उसकी निंदा की जा रही है।
12:16 AM, 05-Apr-2022
ब्रिटेन का रूस के खिलाफ और कड़े प्रतिबंध का आह्वान
यूक्रेन के कुछ क्षेत्रों की सड़कों पर कथित तौर पर नागरिकों को मारे जाने की खबरें सामने आने के बाद ब्रिटेन सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शासन के खिलाफ प्रतिबंधों को ‘‘बढ़ाने’’ पर काम कर रहा है। ब्रिटेन की विदेश मंत्री लिज ट्रस अपने यूक्रेनी समकक्ष दिमित्रो कुलेबा और पोलैंड के विदेश मंत्री जबिग्न्यू राउ से मिलने के लिए पोलैंड रवाना हो गई हैं। यह घटनाक्रम इस सप्ताह के अंत में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) और जी7 देशों के बीच बातचीत से पहले आया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा, ‘‘इरपिन और बुका में निर्दोष नागरिकों के खिलाफ रूस के घृणित हमले इसके सबूत हैं कि पुतिन और उनकी सेना यूक्रेन में युद्ध अपराध कर रही है।’’
11:25 PM, 04-Apr-2022
फ्रांस 35 रूसी राजनयिकों को करेगा निष्कासित
रूस की इंटरफैक्स समाचार एजेंसी के हवाले से न्यूज एजेंसी रायटर ने बताया कि रूस के राजनयिकों को निष्कासित करने के फ्रांस के फैसले का मॉस्को जवाब देगा। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को जर्मनी द्वारा उठाए गए इसी तरह के कदम के बाद कहा कि रूसी राजनयिक कर्मचारियों को "जिनकी गतिविधियां फ्रांस के हितों के खिलाफ हैं" उन्हें हटाने का फैसला किया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुल 35 रूसी राजनयिकों को निष्कासित किया जाएगा।
10:48 PM, 04-Apr-2022
बोरोड्यांका में बूचा से ज्यादा गंभीर हालात हैं: महाभियोजक
यूक्रेन की महाभियोजन इरीना वेनेडिक्टोवा ने कहा है कि कीव क्षेत्र में बोरोड्यांका इलाका रूस के हमले से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बोरोड्यांका में जान गंवाने वालों की संख्या किसी भी शहर के मुकाबले अधिक है और यहां हालात बूचा से भी गंभीर हैं। हालांकि, उन्होंने इस बारे में और कोई जानकारी साझा नहीं की।
10:16 PM, 04-Apr-2022
जर्मनी ने 40 रूसी दूतों को देश से निकाला
यूक्रेन के बूचा शहर में कथित नरसंहार को लेकर जर्मनी ने रूस के 40 दूतों को देश से बाहर करने का फैसला लिया है। इसके साथ ही जर्मनी ने कहा है कि सहयोगी देशों के साथ मिलकर अन्य कदमों की तैयारी भी की जा रही है।
10:09 PM, 04-Apr-2022
पुतिन को हर हालत में हराया जाना चाहिए: ट्रस
यूके की वित्त सचिव लिज ट्रस ने अपने यूक्रेनी समकक्ष दिमित्रो कुलेबा के साथ एक संयुक्त प्रेसवार्ता में कहा कि रूस के लिए संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि व्लादिमीर पुतिन को हर हालत यूक्रेन में हारना होगा। इसका मतलब और प्रतिबंध और हथियार है। ट्रस ने कहा कि जी-7 और नाटो के मंत्री इस सप्ताह मुलाकात करेंगे और रूस पर प्रतिबंधों की नई लहर का एलान करेंगे।
09:33 PM, 04-Apr-2022
रूस के सैनिकों ने छोड़ा जिटोमिर का इलाका
जिटोमिर के गवर्नर विटाली बुनेच्को ने कहा है कि रूसी सैनिक इलाका छोड़ चुके हैं और अब क्षेत्र में रूसी सेना मौजूद नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि रूस की ओर से शहर पर मिसाइल हमला किए जाने की आशंका बनी हुई है।