06:40 PM, 02-Feb-2023
भाजपा के बाबूलाल तिवारी लगातार दूसरे राउंड में आगे
इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षा निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना झांसी के बुंदेलखंड महाविद्यालय में जारी है। अब तक दो चक्रों के रुझान सामने आ चुके हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के बाबूलाल तिवारी 4508 वोटों के साथ आगे बने हुए हैं। जबकि, निर्दलीय सुरेश कुमार त्रिपाठी 3995 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर है। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. एस. पी. पटेल 2891 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। बता दें कि मतगणना चार चक्रों में होगी।
03:55 PM, 02-Feb-2023
भाजपा के बाबूलाल तिवारी आगे
इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की झांसी के बुंदेलखंड महाविद्यालय में बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे से मतगणना प्रारंभ हुई। पहला रुझान शाम चार बजे सामने आया है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बाबूलाल तिवारी 2338 वोटों के साथ आगे चल रहे हैं, जबकि दूसरे स्थान पर सुरेश कुमार त्रिपाठी है उन्हें 1669 वोट हासिल हुए हैं। समाजवादी पार्टी के सुरेंद्र पटेल 1600 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर है। पहला रुझान आने के बाद से भाजपाइयों में उत्साह की स्थिति बनी हुई है।
02:43 PM, 02-Feb-2023
सपा एमएलसी प्रत्याशी करुणा कांत मौर्य ने मतगणना स्थल पर
सपा एमएलसी प्रत्याशी करुणा कांत मौर्य ने मतगणना स्थल पर कमिश्नर रवि कुमार एनजी से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ निवर्तमान जिला अध्यक्ष अवधेश यादव रहे
01:20 PM, 02-Feb-2023
सुबह करीब साढ़े नौ बजे के बाद मतपत्रों के बंडल बनाने जाने शुरू किए गए। जो प्रक्रिया अभी तक चल रही है। इसके बाद मतपत्रों की गिनती की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि दोपहर करीब दो बजे के बाद पहले राउंड की गिनती पूरी होने की उम्मीद है। नतीजे देर रात तक आ सकते हैं।
01:13 PM, 02-Feb-2023
बरेली के परसाखेड़ा में सुबह आठ बजे से शुरू हुई मतगणना की प्रक्रिया में सबसे पहले मत पेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम से बाहर निकाला गया। मतगणना स्थल पर लगी 14 टेबिलों पर जिलेवार मतपेटियों को एक-एक कर खोला गया। इस दौरान भाजपा और सपा प्रत्याशी के साथ एक निर्दलीय प्रत्याशी भी मौजूद रहा। जबकि चुनावी मैदान में 10 प्रत्याशी हैं।
12:48 PM, 02-Feb-2023
कानपुर में मतपेटी से अलग रंग का बैलेट पेपर निकलने पर हंगामा
कानपुर में शिक्षक एमएलसी की मतगणना के दौरान टेबल नंबर 12 में एक अलग लाल कलर का बैलेट पेपर निकलने से एजेंट ने जमकर हंगामा किया। जिलाधिकारी ने पहुंचकर पत्र की जांच की तो अलग बैलेट पेपर निकला। जिसे गिनती से बाहर किया गया। तब जाकर लोग शांत हुए। अभी मत पत्रों के 25-25 के बंडल बनाए जा रहे हैं। इसके बाद इनवैलिड मतपत्र बाहर निकाले जाएंगे, इसके बाद गिनती शुरू होगी।
12:37 PM, 02-Feb-2023
गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक एमएलसी सीट के लिए 24 प्रत्याशियों के भाग्य का होगा फैसला
गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक एमएलसी चुनाव के लिए मतगणना का कार्य बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे से गोरखपुर यूनिवर्सिटी के वाणिज्य संकाय भवन में जारी है। मतगणना से आज 24 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। सुबह सात बजे के करीब प्रत्याशियों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम का सील खोला गया। मतपेटिकाएं बाहर लाकर उनके सील खोले गए और उनमें पड़े मतों का मिलान किया गया। मतगणना के लिए 14 टेबल बनाए गए हैं। कुल एक लाख आठ हजार 345 मतों की गिनती की जानी है। मतगणना कार्य में चार शिफ्ट में कुल 560 कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन कर्मियों को 31 जनवरी को प्रशिक्षण दिया गया।
11:56 AM, 02-Feb-2023
बरेली के परसाखेड़ा में कड़ी सुरक्षा में सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। बैलट पेपर से चुनाव हुआ है, इसलिए चुनाव परिणाम देर शाम तक आने की उम्मीद है। मतगणना स्थल पर 14 टेबिल लगाई गई हैं। मतगणना में 76 कर्मचारी लगाए गए हैं। 20 कर्मचारियों को रिजर्व में रखा गया है। बरेली की कमिश्नर संयुक्ता समद्दार ने बताया कि प्रत्याशियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोल गए। दो शिफ्ट में मतगणना कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है।
11:45 AM, 02-Feb-2023
मतगणना की प्रकिया जारी
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के बरेली-मुरादाबाद खण्ड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-2023 की मतगणना की प्रकिया जारी है।
11:09 AM, 02-Feb-2023
डीएम और एसपी ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण
जिला अधिकारी और एसएसपी ने गोरखपुर-फैजाबाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का गोरखपुर विश्वविद्यालय के वाणिज्य संकाय में चल रही मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर में एमएलसी मतगणना स्थल पर भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह पहुंचे।
10:29 AM, 02-Feb-2023
अधिकारियों ने मतगणना स्थल का दिया दौरा
गोरखपुर विश्वविद्यालय मतगणना स्थल जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश और एसएसपी गौरव ग्रोवर पहुंचे। अधिकारियों ने मतगणना स्थल का दौरा दिया।
10:24 AM, 02-Feb-2023
कानपुर में मतगणना जारी, डीएम और कमिश्नर संभाल रहे कमान
कानपुर में खंड स्नातक, शिक्षक पद की मतगणना आईटीआई परिसर में सुबह 8 बजे से चल रही है। जिलाधिकारी और कमिश्नर भी मतगणना की व्यवस्था देख रहे हैं। करीब 15 राउंड में मतगणना पूरी होगी। कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव जिले में हुए मतदान की मतगणना हो रही। मतगणना के लिए करीब 224 कर्मचारी कमान संभाल रहे हैं। दो कमरों में 14-14 मेज लगाई गईं हैं। जिसपर 4-4 कर्मचारी तैनात हैं। मतगणना को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी फोर्स तैनात है।
10:05 AM, 02-Feb-2023
बदायूं में हुई थी सबसे अधिक वोटिंग
बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों में कुल एक लाख 72 हजार 297 मतदाताओं में 53.79 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। बदायूं में सबसे अधिक 63.70 फीसदी वोट डाले गए। वहीं रामपुर में सबसे कम 45.04 फीसदी मत पड़े थे।
09:52 AM, 02-Feb-2023
कुल 53.79 फीसदी हुआ था मतदान
आंकड़ों में भाजपा मजबूत है। इसी बलबूते भाजपा के नेता हैट्रिक का दावा कर रहे हैं। वहीं सपा नेताओं का कहना है कि हवा बदल चुकी है। सपा के पक्ष में माहौल है। उनकी जीत होगी। अब इसका फैसला तो बृहस्पतिवार को हो होगा कि सदन कौन पहुंचेगा। बता दें कि बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक क्षेत्र के नौ जिलों में 30 जनवरी को 53.79 फीसदी मतदान हुआ था।
09:40 AM, 02-Feb-2023
इस सीट पर भाजपा का दबदबा
आंकड़ों की बात करें तो इस सीट पर भाजपा का दबदबा है। साल 1986 से 2017 तक हुए चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को ही जीत मिली। डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त से पहले डॉ. नैपाल सिंह इस सीट पर जीत हासिल कर चुके हैं। साल 2014 में वह लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए तो पार्टी ने उपचुनाव में डॉ. जयपाल सिंह को चुनाव लड़ाया। जयपाल सिंह ने भी पार्टी को जीत दिलाई।