11:12 PM, 05-Dec-2022
क्रोएशिया ने पेनल्टी शूटआउट में जीता मैच
क्रोएशिया ने जापान को पेनल्टी शूटआउट में 3-1 से हरा दिया है। क्रोएशिया की ओर से शूट लेने आए व्लासिच, ब्रोजोविच और पसालिच ने गोल किया। वहीं, लिवाजा चूक गए। वहीं, जापान की ओर से सिर्फ असानो गोल कर सके। मिनामिनो, मितोमा और योशिदा स्कोर करने से चूक गए। क्रोएशिया के गोलकीपर लिवाकोविच ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए शूटआउट में तीन गोल बचाए।
इससे पहले फुल टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा था। जापान के लिए 43वें मिनट में डेजेन माइडा ने गोल किया था। वहीं, क्रोएशिया के लिए 55वें मिनट में इवान पेरिसिच ने गोल कर स्कोर बराबर कर दिया था। इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचा। वहां भी दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं और मैच पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा। अगले राउंड में क्रोएशिया का सामना ब्राजील और दक्षिण कोरिया के बीच जीतने वाली टीम से होगा।
पेनल्टी शूटआउट में क्या हुआ?
- पहला शूट जापान के ताकुमी मिनामिनो लेने आए। हालांकि, उनके शॉट को क्रोएशियाई गोलकीपर लिवाकोविच ने रोक लिया।
- इसके बाद क्रोएशिया की ओर से निकोला व्लासिच ने गोल किया।
- जापान के काउरो मितोमा अपना शॉट मिस कर गए। उनके शॉट को लिवाकोविच ने रोक लिया।
- इसके बाद क्रोएशिया के ब्रोजोविच ने गोल कर शूटआउट में 2-0 से आगे कर दिया।
- जापान के ताकुमा असानो ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया।
- इसके बाद क्रोएशिया के मार्को लिवाजा चूक गए, जापानी गोलकीपर गोन्डा ने शानदार बचाव किया।
- जापान की ओर से चौथा शॉट कप्तान माया योशिदा लेने आए, लेकिन उनके शॉट को भी क्रोएशियाई गोलकीपर ने रोक लिया।
- इसके बाद मारियो पसालिच ने गोल कर अपनी टीम को अगले राउंड में पहुंचाया।
क्रोएशिया की टीम वर्ल्ड कप में तीसरी बार राउंड ऑफ-16 का मैच खेल रही थी और तीनों बार टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही है। टीम ने लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप में राउंड ऑफ-16 का मैच पेनल्टी शूटआउट में जीता है। इससे पहले 2018 वर्ल्ड कप में क्रोएशिया ने पेनल्टी शूटआउट में डेनमार्क को हराया था।
क्रोएशिया ने वर्ल्ड कप में पेनल्टी शूटआउट में जीत के 100 प्रतिशत रिकॉर्ड को बरकरार रखा है। 2018 वर्ल्ड कप में क्रोएशिया ने राउंड ऑफ-16 में डेनमार्क और क्वार्टर फाइनल में रूस को पेनल्टी शूटआउट में हराया था। जापान की टीम एक बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रही। अब तक टीम चार बार राउंड ऑफ-16 में पहुंची है और चारों बार उसे हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले टीम 2010 में भी राउंड ऑफ-16 में पराग्वे के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में मैच हार गई थी।
11:12 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: जापान का शॉट रोका
जापान के कप्तान योशिदा का शॉट क्रोएशियाई गोली ने रोक लिया।
11:11 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: क्रोएशिया का शॉट रुका
जापान के गोलकीपर ने गोंडा ने क्रोएशिया का तीसरा शॉट रोक लिया।
11:10 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: असानो का गोल
जापान के लिए असानो ने गोल दाग अपनी टीम को वापस लाया है मैच में। स्कोर 2-1 से क्रोएशिया के पक्ष में है।
11:10 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: क्रोएशिया 2-0 से आगे
क्रोएशिया के ब्रोजोविच ने गोल कर शूटआउट में अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।
11:09 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: जापान का दूसरा शॉट भी रुका
जापान की ओर से दूसरा शॉट मितोमा लेने आए और वह भी चूक गए।
11:08 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: दूसरा शॉट क्रोएशिया का
क्रोएशिया की ओर से व्लादिच शॉट लेने आए और उन्होंने जापानी गोलकीपर को छका कर उन्होंने गोल दागा।
11:07 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: पहला शॉट जापान की ओर से
जापान की ओर से पहला शॉट मिनिमिनो लेने आए। उनके शॉट को क्रोएशिया के गोलकीपर लिवाकोविच ने रोक लिया।
11:05 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: पेनल्टी शूटआउट में पहुंचा मैच
क्रोएशिया बनाम जापान मुकाबला पेनल्टी शूटआउट में पहुंच गया है। यह इस वर्ल्ड कप का पहला मैच है जो पेनल्टी शूटआउट तक पहुंचा है। अब दोनों टीमों को पांच-पांच शॉट मिलेंगे। एक्स्ट्रा टाइम में भी स्कोर 1-1 से बराबर रहा। एक्स्ट्रा टाइम में दोनों टीमें एक भी गोल नहीं कर पाईं।
10:30 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: फुल टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर
क्रोएशिया और जापान के बीच फीफा वर्ल्ड कप का प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबला एक्स्ट्रा टाइम में पहुंच गया है। निर्धारित समय यानी फुल टाइम तक स्कोर 1-1 से बराबर रहा। अब 30 मिनट का मैच और खेला जाएगा। यह इस वर्ल्ड कप का पहला मैच है, जो एक्स्ट्रा टाइम में गया है। इसे 15-15 मिनट के दो हाफ में बांटा जाएगा। एक्स्ट्रा टाइम में भी स्कोर बराबर रहने पर मैच पेनल्टी शूटआउट में जाएगा। जापान के लिए 43वें मिनट में डेजेन माइडा ने गोल किया था। वहीं, क्रोएशिया के लिए 55वें मिनट में इवान पेरिसिच ने गोल किया।
क्रोएशिया के लिए मेजर टूर्नामेंट (यूरो कप + वर्ल्ड कप) में यह नॉकआउट स्टेज में पिछले आठ में से सातवां मैच है। सिर्फ एक मैच नॉकआउट स्टेज में नहीं गया था। यह मैच 2018 फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल था। फ्रांस ने इसे जीता था। कम से कम एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचे मैच में क्रोएशिया का जीत का 100 प्रतिशत रिकॉर्ड है। 2018 फीफा वर्ल्ड कप में क्रोएशिया ने नॉकआउट स्टेज के तीन मैच एक्स्ट्रा टाइम में पहुंचने के बाद जीते थे।
09:51 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: पेरिसिच के नाम रिकॉर्ड
पेरिसिच क्रोएशिया के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वालों में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। उन्होंने मारियो मांजुकिच की बराबरी की। पेरिसिच ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में 33 गोल दागे हैं। क्रोएशिया के लिए उनसे ज्यादा सिर्फ डेवोर सुकर ने गोल किए हैं। पेरिसिच ने क्रोएशिया के लिए किसी मेजर टूर्नामेंट (यूरो कप + वर्ल्ड कप) में 2012 में डेब्यू किया था। तब से लेकर अब तक मेजर टूर्नामेंट में यूरोपीय खिलाड़ियों में गोल में सीधा योगदान पेरिसिच से ज्यादा सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो का रहा है। पेरिसिच क्रोएशिया के 17 गोल में योगदान दे चुके हैं। इनमें से 10 गोल पेरिसिच ने किए हैं, जबकि सात असिस्ट हैं। वहीं, रोनाल्डो का योगदान 21 गोल में रहा है। 17 गोल रोनाल्डो ने किए हैं और चार असिस्ट रहा है।
09:45 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: क्रोएशिया का गोल, स्कोर बराबर
55वें मिनट में क्रोएशिया के इवान पेरिसिच ने हेडर पर गोल दाग स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया है। लोवरेन के पास पर पेरिसिच ने हेडर से गोल किया। इससे पहले 43वें मिनट में जापान के माइडा ने गोल दाग टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई थी। पेरिसिच का यह वर्ल्ड कप में क्रोएशिया के लिए ओवरऑल छठा गोल है। इसके अलावा वह चार असिस्ट भी कर चुके हैं। यानी वर्ल्ड कप में कुल 10 गोल में उनका सीधा योगदान रहा है। पेरिसिच इससे पहले 2014 और 2018 वर्ल्ड कप में भी खेल चुके हैं। 2014 में पेरिसिच के डेब्यू करने के बाद से सिर्फ लियोनल मेसी (12) और कीलियन एम्बाप्पे (11) ने ही वर्ल्ड कप में गोल में उनसे ज्यादा योगदान दिया है।
09:21 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: हाफटाइम तक जापान 1-0 से आगे
जापान ने हाफटाइम तक 1-0 की बढ़त बना ली है। जापान ने इस वर्ल्ड कप में पहली बार अपने पहले शॉट ऑन टारगेट पर पहले हाफ में गोल दागा है। क्रोएशिया के कप्तान लुका मॉड्रिच पहली बार जापान के खिलाफ खेल रहे हैं। जापान ने फीफा वर्ल्ड कप में पिछले सात मैचों में ओपनिंग गोल करने पर चार मैच गंवाए हैं। यानी मैच में पहला गोल दागना जापान के लिए अच्छा नहीं रहा है। इसमें से तीन मैच जापान ने जीते हैं। वहीं, वर्ल्ड कप में पिछले तीन मैचों में ओपनिंग गोल दागने के बाद जापान ने दो मैच गंवाए हैं।
वहीं, क्रोएशिया की बात करें तो उसने वर्ल्ड कप में हाफ टाइम में पिछड़ने के बाद अपने पिछले चार मैचों में से सिर्फ एक मैच जीता है। इसमें से तीन मैच क्रोएशिया ने गंवाए हैं। क्रोएशिया ने वर्ल्ड कप में पहले हाफ में पिछड़ने के बाद 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में जीत हासिल की थी। तब क्रोएशिया ने इंग्लैंड को 2-1 से हराया था। जापान के माया योशिदा जापान के वर्ल्ड कप गोल में असिस्ट करने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। उनकी उम्र 34 साल 103 दिन है।
09:17 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: जापान का पहला गोल
हाफ-टाइम से ठीक पहले 43वें मिनट में जापान के डेजेन माइडा ने गोल दाग अपनी टीम को क्रोएशिया पर 1-0 की बढ़त दिला दी है। जापान को मिले शॉर्ट कॉर्नर पर डोन ने योशिदा को पास दिया। योशिदा के हेडर पर गेंद माइडा के पास पहुंची और उन्होंने किक कर जापान को बढ़त दिलाई।
08:53 PM, 05-Dec-2022
Japan vs Croatia Live: 18 मिनट के बाद भी कोई गोल नहीं
18 मिनट के बाद भी दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं लग सका है। क्रोएशियाई टीम ने अब तक दो शॉट अटेम्प्ट किए हैं। इनमें से एक ऑन टारगेट रहा। हालांकि, जापान के गोलकीपर ने गोल होने से बचा लिया। वहीं, जापान की ओर से अब तक सिर्फ एक शॉट अटेम्प्ट हुआ है।